मुख्यपृष्ठखेलगोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा फाइनल में

गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा फाइनल में

७९.६१ मीटर के थ्रो के साथ पांचवें स्थान पर रहे;

रोहित और यशवीर भी पदक मुकाबले में

ग्लासगो

भारत के गोल्डन बॉय नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स २०२६ की पुरुष जैवलिन थ्रो स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को हुए क्वालिफिकेशन राउंड में नीरज ने अपने दूसरे प्रयास में ७९.६१ मीटर दूर भाला फेंका और पांचवें स्थान पर रहते हुए शीर्ष १२ खिलाड़ियों में जगह बनाई। पहला प्रयास ७६.२८ मीटर का करने के बाद नीरज ने दूसरे थ्रो में अपना प्रदर्शन सुधारा और फाइनल का टिकट पक्का होने पर तीसरा प्रयास नहीं किया। भारत के लिए बड़ी खुशखबरी यह रही कि नीरज के साथ रोहित यादव और यशवीर सिंह भी फाइनल में पहुंच गए। रोहित यादव ७८.३७ मीटर के साथ नौवें और यशवीर सिंह ७८.३६ मीटर के साथ दसवें स्थान पर रहे। इस तरह पदक मुकाबले में भारत के तीन भाला फेंक खिलाड़ी एक साथ उतरेंगे। क्वालिफिकेशन में कोई भी खिलाड़ी निर्धारित ८४ मीटर की स्वत: योग्यता सीमा को पार नहीं कर सका। श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरगे ८२.८४ मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स ने ८१.२९ मीटर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। पाकिस्तान के अरशद नदीम भी ७८.६३ मीटर के सीजन के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में पहुंच गए। ऐसे में पदक मुकाबले में एक बार फिर नीरज और अरशद की बहुप्रतीक्षित टक्कर देखने को मिलेगी। नीरज ने २०१८ के गोल्ड कोस्ट कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था, जबकि चोट के कारण वह २०२२ के बर्मिंघम खेलों में हिस्सा नहीं ले सके थे। अब उनकी नजर आठ साल बाद अपना दूसरा कॉमनवेल्थ स्वर्ण जीतने पर होगी। पुरुष जैवलिन थ्रो का फाइनल भारतीय समय के अनुसार शुक्रवार, ३१ जुलाई की देर रात के बाद शनिवार, १ अगस्त को सुबह १२:४५ बजे होगा। यानी देश की निगाहें शुक्रवार और शनिवार की मध्यरात्रि में होने वाले इस महामुकाबले पर टिकी रहेंगी।

अन्य समाचार