सामना संवाददाता / भायंदर
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से श्री राधाकृष्ण प्रभात फेरी परिवार द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। प्रातः 5:45 बजे से 6:45 बजे तक निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में क्षेत्र के विभिन्न भागों से बड़ी संख्या में समाजबंधुओं एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
श्री राधाकृष्ण प्रभात फेरी परिवार द्वारा पिछले 17वर्षों से कीर्तन करते हुए निरंतर भायंदर-पश्चिम के विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिदिन प्रातः 5:45 बजे से 6:45 बजे तक प्रभात फेरी निकाली जा रही है। वर्षों से चली आ रही इस धार्मिक एवं सामाजिक परंपरा में इस बार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तिरंगा यात्रा का स्वरूप जोड़कर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
तिरंगा यात्रा के दौरान वातावरण में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अद्भुत उत्साह देखने को मिला। हाथों में तिरंगा लेकर पुरुषों, महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। यात्रा में शामिल सभी लोगों में देश के प्रति सम्मान, गौरव एवं समर्पण की भावना स्पष्ट दिखाई दी।
इस अवसर पर प्रभात फेरी परिवार के सदस्यों ने देश की एकता, अखंडता, भाईचारे एवं राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का संदेश दिया। तिरंगे की शान एवं देश के गौरव को बनाए रखने का संकल्प लेते हुए सभी ने स्वतंत्रता दिवस की भावना को उत्साहपूर्वक मनाया।
यात्रा भायन्दर पश्चिम के विभिन्न क्षेत्रों से होते हुए निर्धारित मार्ग पर निकली। भारी बारिश के बीच भी तिरंगा यात्रा का उत्साह और अनुशासन देखते ही बन रहा था। इस दृश्य ने यह संदेश दिया कि सच्ची राष्ट्रभक्ति के सामने मौसम की कठिनाइयां भी छोटी पड़ जाती हैं।
यात्रा के समापन अवसर पर सभी सहभागी एकत्रित हुए और पूरे सम्मान एवं अनुशासन के साथ राष्ट्रगान गाया गया। राष्ट्रगान के साथ वातावरण देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत हो गया और तिरंगा यात्रा एवं प्रभात फेरी का भावपूर्ण समापन हुआ।
श्री राधाकृष्ण प्रभातफेरी परिवार की यह पहल न केवल वर्षों से चली आ रही प्रभात फेरी की परंपरा को आगे बढ़ाने वाली रही, बल्कि धर्म, संस्कार और राष्ट्रभक्ति को एक साथ जोड़ने वाला प्रेरणादायी आयोजन भी बनी।
