राजेश सरकार / प्रयागराज
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी), मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए तत्काल मौसम चेतावनी जारी की है। दोपहर 2.30 बजे जारी किए गए जिला स्तरीय नाउकास्ट के मुताबिक प्रयागराज समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। यह चेतावनी शाम 5.30 बजे तक प्रभावी है।
मौसम विभाग के अनुसार, दूसरे चेतावनी क्षेत्र में प्रयागराज, संत रविदास नगर, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रतापगढ़, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, बांदा, हमीरपुर, जालौन, झांसी, ललितपुर, कानपुर देहात, औरैया, कन्नौज, हरदोई, सीतापुर, गोंडा समेत कई जिलों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
वहीं सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, बलिया, महोबा, बांदा, हमीरपुर, जालौन, झांसी, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, संभल, हापुड़, अमरोहा, गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से तेज बारिश की संभावना बताई गई है।
मौसम विभाग के मानचित्र में कुछ क्षेत्रों के लिए 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, आकाशीय बिजली और बारिश की गतिविधि का संकेत दिया गया है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न रहने और मौसम की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
प्रयागराज में फिलहाल खतरे की स्थिति नहीं, लेकिन सतर्कता जरूरी
प्रयागराज का नाम उन जिलों की सूची में है जहां हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। विभागीय नाउकास्ट को देखते हुए स्थानीय स्तर पर मौसम अचानक बदलने की आशंका बनी हुई है। खासकर बिजली चमकने के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना सुरक्षित रहेगा।आईएमडी मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ की 18 अगस्त को 14:30 बजे दोपहर जारी नाउकास्ट चेतावनी के आधार पर उक्त जानकारी दी गई है।
