अनिल मिश्र / पटना
अकादमिक उत्कृष्टता के मार्ग पर अग्रसर दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) देश के साथ-साथ विदेशी शिक्षण संस्थानों के साथ लगातार अकादमिक सहयोग स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में कुलपति प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह के संरक्षण में सीयूएसबी के भौतिक और रासायनिक विज्ञान पीठ (एसपीसीएस) में दो दिवसीय संगोष्ठी व्याख्यान (कोलोकियम टॉक) का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में यूनिवर्सिटास पद्जादजारन, इंडोनेशिया के भौतिकी विभाग के प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शामिल हुए और उन्होंने सीयूएसबी के साथ अकादमिक सहयोग को लेकर अपने विचार साझा किए। आमंत्रित व्याख्यानों के पश्चात, सीयूएसबी के भौतिक और रासायनिक विज्ञान पीठ तथा यूनिवर्सिटास पद्जादजारन, इंडोनेशिया के प्राकृतिक विज्ञान पीठ (स्कूल ऑफ नेचुरल साइंसेज) के बीच पूर्व में स्थापित समझौता ज्ञापन (एमओयू) की समीक्षा करने और इसे आगे बढ़ाने के लिए कुलपति प्रो. के. एन. सिंह के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक आयोजित की गई। कुलपति प्रो. सिंह ने भौतिकी विभाग के प्रो. विजय राज सिंह, जो वर्तमान में विदेशी प्राध्यापकों के साथ एक संयुक्त अनुसंधान प्रस्ताव पर कार्य कर रहे हैं उन्हें विश्वविद्यालय स्तर पर एमओयू स्थापित करने की पहल करने का निर्देश दिया। विचार-विमर्श के दौरान, दोनों संस्थानों ने पीएचडी और स्नातकोत्तर (मास्टर्स) शोध प्रबंध के छात्रों के संयुक्त पर्यवेक्षण (जॉइंट सुपरविजन) को सक्रिय रूप से बढ़ावा देने पर सहमति व्यक्त की। दोनों पक्षों ने बायोप्लास्टिक आधारित अनुसंधान पर मिलकर काम करने का भी संकल्प लिया, जिसके परिणामों का परीक्षण सीयूएसबी और इंडोनेशिया में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में किया जाएगा। इसके अलावा, दोनों पक्षों ने अपशिष्ट निपटान प्रबंधन (वेस्ट डिस्पोजल मैनेजमेंट) और ऊर्जा के एक सतत स्रोत के रूप में इसके उपयोग पर संयुक्त अनुसंधान शुरू करने पर भी सहमति जताई।प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए कुलपति प्रो. सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि शैक्षणिक अनुसंधान की प्रकृति व्यावहारिक (ट्रांसलेशनल) होनी चाहिए ताकि इसके परिणामों का सीधा लाभ व्यापक रूप से समाज को मिल सके। उन्होंने यूनिवर्सिटास पद्जादजारन, इंडोनेशिया के अतिथि प्राध्यापकों को एक उत्कृष्ट अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान वातावरण विकसित करने के लिए सीयूएसबी की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कुलपति महोदय ने विदेशी प्रतिनिधियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया और उन्हें मार्च, 2027 में सीयूएसबी के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले आगामी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया।
व्याख्यान श्रृंखला के अंतर्गत प्रो. आई माडे जोनी ने ‘नैनो सिस्टम इंजीनियरिंग फॉर वेरियस एप्लीकेशंस’ (विभिन्न अनुप्रयोगों के लिए नैनो सिस्टम इंजीनियरिंग) विषय पर ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया। प्रो. कैमेलिया पनातारानी ने ‘बायोडिग्रेडेबल प्लास्टिक’ (जैव-निम्नीकरणीय प्लास्टिक) पर अपना प्रभावशाली व्याख्यान प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का सफल संयोजन प्रो. विजय राज सिंह (भौतिकी विभाग), प्रो. बुधेंद्र कुमार सिंह (भौतिकी विभागाध्यक्ष) और प्रो. अतुल प्रताप सिंह (डीन एवं विभागाध्यक्ष रसायन विज्ञान) द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. अमिय प्रियम ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस प्रकार के अकादमिक व्याख्यान एक बेहतर और सुदृढ़ अनुसंधान पारिस्थितिकी तंत्र (रिसर्च इकोसिस्टम) के निर्माण में सहायक होते हैं। व्याख्यान के दौरान प्रो. जगन्नाथ रॉय, डॉ. महेंद्र खरावत, डॉ. पुनीत मिश्रा, डॉ. मौनी रॉय, डॉ. सप्तर्षि घोष, डॉ. विकल कुमार सिंह और डॉ. देवव्रत भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, भौतिकी और रसायन विज्ञान दोनों विभागों के 60 से अधिक विद्यार्थियों, जिनमें पीएचडी शोधार्थी और एम.एससी. के छात्र शामिल थे ने इस कार्यक्रम में भाग लिया।
