मुख्यपृष्ठनए समाचारआयुर्वेद के अनुसंधान को मिलेगी वैज्ञानिक पहचान!

आयुर्वेद के अनुसंधान को मिलेगी वैज्ञानिक पहचान!

-वरली में 1 दिसंबर को होगा ‘अभ्युदय दर्शन 2026’ का आयोजन…आम जनता के लिए खुलेंगे अनुसंधान और प्रयोगशालाओं के द्वार

सामना संवाददाता / मुंबई

भारत की प्राचीन आयुर्वेद चिकित्सा परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान से जोड़ने और उसकी उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुंबई के वरली स्थित राजा रामदेव आनंदीलाल पोदार केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान द्वारा 1 दिसंबर 2026 को ‘CCRAS अभ्युदय दर्शन 2026 ओपन हाउस’ का आयोजन किया जा रहा है। भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अंतर्गत कार्यरत केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS) के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम आयुर्वेद के वैज्ञानिक पक्ष को समझने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।
परंपरागत ज्ञान से वैज्ञानिक प्रमाणों तक!
‘पारंपरिक ज्ञान से वैज्ञानिक प्रमाणों की ओर’ की संकल्पना और ‘आयुर्वेद, विज्ञान और समाज को जोड़ना’ के ध्येय वाक्य के साथ इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। परिषद का उद्देश्य आयुर्वेद के क्षेत्र में हो रहे अनुसंधान, वैज्ञानिक उपलब्धियों और आधुनिक परीक्षण पद्धतियों की जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।
इस संबंध में 27 नवंबर को मंत्रालय एवं विधानमंडल वार्ताहर संघ, मुंबई में आयोजित पत्रकार वार्ता में संस्थान के प्रभारी अनुसंधान अधिकारी डॉ. विपिन कुमार शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर अनुसंधान अधिकारी (आयुर्वेद) डॉ. लक्ष्मण भुरके और डॉ. कुलदीप चौधरी उपस्थित थे।
देशभर के 30 केंद्रों में एक साथ आयोजन
केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद द्वारा शुरू की गई इस वार्षिक पहल के अंतर्गत देशभर के सभी 30 संस्थानों और केंद्रों में एक ही दिन ‘अभ्युदय दर्शन’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य आयुर्वेद अनुसंधान को केवल पुस्तकों और प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखकर आम नागरिकों के लिए सुलभ बनाना है।
प्रयोगशालाओं और अनुसंधान कार्यों का होगा प्रत्यक्ष अवलोकन
ओपन हाउस के दौरान नागरिकों को संस्थान के रोगी सेवा विभाग, अनुसंधान विभाग और विभिन्न प्रयोगशालाओं का विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में भ्रमण कराया जाएगा। आयुर्वेद के क्षेत्र में चल रही अनुसंधान परियोजनाओं, वैज्ञानिक निष्कर्षों और उपलब्धियों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक वैज्ञानिक परीक्षण पद्धतियों की जानकारी तथा वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और आयुर्वेद चिकित्सा विशेषज्ञों से सीधे संवाद का अवसर भी मिलेगा।
इस आयोजन में विद्यार्थियों, शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य क्षेत्र के विशेषज्ञों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, किसानों और आम नागरिकों की सहभागिता को विशेष महत्व दिया गया है।
वैज्ञानिक प्रमाण और जनस्वास्थ्य भी होंगे अहम
आयुर्वेद की प्राचीन विरासत को आधुनिक विज्ञान से जोड़ने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण है। हालांकि, आयुर्वेदिक औषधियों की प्रभावशीलता, उनकी सुरक्षा, अनुसंधान के निष्कर्ष और मरीजों को मिलने वाले वास्तविक लाभ की जानकारी भी जनसामान्य तक पहुंचना आवश्यक है। वैज्ञानिक प्रमाणों पर आधारित अनुसंधान ही आयुर्वेद को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक विश्वसनीय पहचान दिलाने में सहायक हो सकता है।
संस्थान की ओर से विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, किसानों, उद्योग प्रतिनिधियों और आम नागरिकों से इस आयोजन में अधिकाधिक संख्या में सहभागी होने की अपील की गई है।
कार्यक्रम का विवरण
– कार्यक्रम : CCRAS अभ्युदय दर्शन 2026 ओपन हाउस
– दिनांक : मंगलवार, 1 दिसंबर 2026
– समय : सुबह 9 बजे से दोपहर 3.30 बजे तक
– स्थान : राजा रामदेव आनंदीलाल पोदार केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान, पोदार मेडिकल परिसर, डॉ. एनी बेसेंट मार्ग, वरली, मुंबई – 400018।
अधिक जानकारी के लिए संपर्क :
दूरभाष : 022-24947259 / 24947822
ई-मेल : acri-mumbai@gov.in
आयोजक : राजा रामदेव आनंदीलाल पोदार केंद्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान (RRAP-CARI), वरली, मुंबई; केंद्रीय आयुर्वेदीय विज्ञान अनुसंधान परिषद (CCRAS), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार।

अन्य समाचार