मुख्यपृष्ठसंपादकीयसंपादकीय : कोयता नगरी !

संपादकीय : कोयता नगरी !

पुणे शहर को राज्य की सांस्कृतिक नगरी, विद्या नगरी आदि कहा जाता था, वह अब इतिहास हो गया है। पुणे में जिस प्रकार गुंडों की टोलियों का तांडव चल रहा है, उसे देखते हुए पुणे का नाम बदलकर ‘कोयता नगरी’ करना ही उचित होगा। सुसंस्कृत समझे जाने वाले पुणे में रोज ‘गैंगवॉर’ की घटनाएं घट रही हैं। लोगों में भय का वातावरण है और गृह विभाग सुस्त और मस्त अवस्था में पड़ा हुआ है। बुधवार को पुणे के शिवाजीनगर न्यायालय के परिसर में गुंडे बंदूकें और कोयते लेकर घुस गए और उन्होंने एक युवक पर गोलीबारी की। उसके बाद उस पर ताबड़तोड़ कोयते के वार किए और फिर फरार हो गए। यह सब दिनदहाड़े घट रहा हो तो गृहमंत्री फडणवीस की कार्यक्षमता पर प्रश्नचिह्न खड़ा होता है। ऐसे दुर्बल, कमजोर गृहमंत्री के कारण राज्य की कानून-व्यवस्था बिगड़ गई है। पुणे शहर में यह कोयतेबाजी का तांडव चल रहा हो तो पुणे ग्रामीण भाग भी भला कैसे पीछे रहेगा। गुरुवार को एक और खबर आई। दौंड तालुका के लडकतवाडी में जयश्री रासकर नामक आंगनवाड़ी शिक्षिका पर ‘कोयता’ गैंग ने जानलेवा हमला किया। पुणे में अब कोयता गैंग का ही राज चल रहा है और पुलिस की कमर पर लगी बंदूकें दिखावटी खिलौने बन गई हैं। यह कोयतेबाजी की आग अब राज्यभर में पैâल गई है। २५ नवंबर को चिपलूण में दो गुटों में बवाल हुआ। उसमें दोनों ओर से कोयतों का इस्तेमाल हुआ। मुंबई में बुधवार रात माहिम इलाके में एक ज्वेलर्स की दुकान पर अंधाधुंध फायरिंग कर हमलावर फरार हो गए। इस ज्वेलर ने गुंडों को हफ्ता देने से इनकार किया था,
उसी का बदला
लिया गया। ठाणे में राम पूर्णेकर की गोली मारकर हत्या कर दी गई और असली आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। ठाणे की पुलिस खाकी वर्दी में पुतलों की तरह बर्ताव कर रही है। उनके सूत्रधार मंत्रालय में बैठे हैं। पुलिस उनके आदेशों का पालन कर किसे पकड़ना है, किसे छोड़ना है, किसे फंसाना है, यह तय करने लगी है। पुलिस के पास फिलहाल इतना ही काम बचा है कि भाजपा, मिंधे गुट में ‘दलबदल’ कर आने वाले गुंडों-बदमाशों को वॉशिंग मशीन में डालकर निकालना है। उन्हें साफ करना है और फिर उनका आपराधिक रिकॉर्ड नष्ट करना है। जिनकी गुंडे के रूप में परेड निकालनी चाहिए, वे सब भाजपा, मिंधे गुट के नेता बन गए हैं और इन्हीं गुंडों को पुलिस को सलाम ठोकने पड़ रहे हैं। ऐसी स्थिति हो तो मुंबई, पुणे, नागपुर, ठाणे में गुंडों का ही राज आएगा, यह कहने की जरूरत नहीं है। वास्तव में तो वह आ ही चुका है। मंत्री काम करवा देने के लिए खुलेआम करोड़ों की रिश्वत मांगते हैं और उन मंत्रियों से सवाल पूछने पर वह गुर्राता है, ‘मैं भ्रष्टाचार करूंगा, मेरा इस्तीफा मांगने की हिम्मत किसी में नहीं है।’ यह भाषा चुनौती ही नहीं, बल्कि गृहमंत्री का अपमान करने वाली है। भ्रष्टाचार निरोधक विभाग को ऐसे मंत्रियों पर ‘जाल’ बिछाकर गिरफ्तारियां करनी चाहिए। विधानसभा अध्यक्ष जमीन पर कब्जा करने के लिए अलीबाग में आदिवासियों के एक गांव को बुलडोजर लगाकर समतल कर देते हैं। उन आदिवासियों का आक्रोश जिले के पुलिस प्रमुख, जिलाधिकारी को व्यथित नहीं करता। इसके विपरीत ये अधिकारी विधानसभा अध्यक्ष के कुकर्मों के रक्षक बन जाते हैं।
मानवता और वर्दी को शर्मसार
करनेवाला यह कृत्य है। राज्य के अपराध ने क्रूरता की हद पार कर ली है। अपराधियों को पुलिस का डर नहीं है। कानून और पुलिस हमारा क्या बिगाड़ लेंगे? इस मस्ती में गुंडों से लेकर मंत्रियों तक सब घूम रहे हैं। पुलिस वीआईपी सुरक्षा में उलझी हुई है। हर बेईमान को वीआईपी दर्जा देकर उसकी सुरक्षा करने वाला महाराष्ट्र एक अनोखा राज्य बन गया है। सरकार के विरोध में सोशल मीडिया पर कौन क्या लिख रहा है, क्या व्यक्त हो रहा है, इसको लेकर पुलिस बल सतर्क है। व्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला करने के लिए पुलिस बल तत्पर है। सरकार के विरोध में बोलने वालों को नोटिस जारी करना, गिरफ्तारियां करना, आंदोलनों को रोकना, इसमें पुलिस फिलहाल बहादुरी दिखा रही है, लेकिन मुंबई के बिल्डरों की दादागीरी, व्यापारियों पर जारी हमले, रेलवे में अपराध, ठाणे के पूर्णेकर हत्या जैसी हत्याकांड़ों का सिलसिला, पुणे के कोयता गैंग का तांडव, नागपुर की गुंडागर्दी रोकने में पुलिस नाकाम रही है। यह गृहमंत्री की विफलता है। मुख्यमंत्री और उनके लोग अलग-अलग नामों के तहत ‘फेस्टिवल’ का आयोजन कर उसमें इतरा रहे हैं, लेकिन मुंबई, पुणे, ठाणे, नागपुर शहरों में गुंडों के ‘फेस्टिवल’ चल रहे हैं और उस ‘फेस्टिवल’ के खूनी रोमांच के कारण जनता तनाव में है। उस ओर किसी का ध्यान नहीं है। महाराष्ट्र की कानून-व्यवस्था का निजीकरण कर वह व्यवस्था बिल्डरों को, अडानी आदि लोगों को चलाने के लिए देने की इन लोगों की योजना है क्या? कोयते के कारखाने शुरू कर ये लोग राष्ट्रीय कार्य में हाथ बंटाएंगे, ऐसा ही लगता है।

अन्य समाचार