– किसानों का विद्रोह, कोल्हापुर से सांगली तक सरकार के खिलाफ आक्रोश जारी
– कहीं सर्वेक्षण का उपकरण फूंका, तो कहीं माहुली में किसानों ने रोका रास्ता
सामना संवाददाता / मुंबई
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के महत्वाकांक्षी शक्तिपीठ महामार्ग को लेकर महायुति सरकार की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। विकास के नाम पर किसानों की उपजाऊ जमीन अधिग्रहित करने की सरकारी कोशिश के खिलाफ पश्चिम महाराष्ट्र में जबरदस्त जनाक्रोश भड़क उठा है। पिछले दो दिनों से कोल्हापुर और सांगली जिलों में किसानों ने सर्वेक्षण और जमीन की माप-जोख की कार्रवाई का खुलकर विरोध करते हुए आंदोलन छेड़ दिया है। हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि कोल्हापुर जिले के भुदरगढ़ तालुका के कोनवडे में प्रदर्शनकारियों ने सर्वेक्षण के उपकरण को आग के हवाले कर दिया, जबकि सांगली के माहुली में किसानों के विरोध के आगे प्रशासन को पीछे हटना पड़ा। आंदोलनकारियों का साफ कहना है कि अब उनकी एक ही जिद है कि शक्तिपीठ महामार्ग रद्द करो!
आसपास के गांवों में सुबह पांच बजे से ही किसान एकजुट होने लगे। किसानों का आरोप है कि उनकी सहमति के बिना प्रशासन सर्वेक्षण और जमीन का मानचित्रण कराने पहुंच रहा है। म्हसवे में अधिकारियों को किसानों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा और उन्हें वापस लौटना पड़ा। इसके बाद किसानों ने गारगोटी में उपविभागीय कार्यालय तक आक्रोश मोर्चा निकाला। इस आंदोलन में महिलाओं और ग्रामीणों ने भी बड़ी संख्या में हिस्सा लिया। उधर, सांगली जिले के खानापुर तालुका के माहुली में भी किसानों ने माप-जोख के लिए पहुंचे प्रशासनिक वाहन के सामने लेटकर विरोध जताया। पूर्व सांसद राजू शेट्टी ने आंदोलन में शामिल होकर किसानों का समर्थन किया। पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद प्रशासन को सर्वेक्षण की कार्रवाई रोकनी पड़ी।
किसानों का साफ कहना है कि पीढ़ियों से संजोई उनकी उपजाऊ जमीन छीनकर थोपा जाने वाला विकास उन्हें मंजूर नहीं है। सवाल यह है कि जब किसान ही इस परियोजना के खिलाफ खड़े हैं, तो फडणवीस सरकार अपनी जिद पर क्यों अड़ी हुई है? करीब एक लाख करोड़ रुपए की इस परियोजना को लेकर सरकार को पहले किसानों की सहमति और उनके हितों का जवाब देना चाहिए। किसानों का आक्रोश साफ संकेत दे रहा है कि सत्ता की जिद के आगे वे अपने हक और भविष्य से समझौता करने को तैयार नहीं हैं।
