मुख्यपृष्ठनए समाचारजमीन के दस्तावेजों का खेल, सरकार ने कसा शिकंजा!

जमीन के दस्तावेजों का खेल, सरकार ने कसा शिकंजा!

-मीरा-भायंदर की संपत्तियों की भिवंडी में रजिस्ट्री के आरोपों की होगी उच्चस्तरीय जांच
– दोषियों पर कार्रवाई का फरमान
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा रोड स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बालसखा रहे अजगरभाई वोरा की जमीन पर कथित कब्जे और दस्तावेजों में फर्जीवाड़े के मामले में सरकार आखिरकार सख्त रुख अपनाया है। नियमों को ताक पर रखकर मीरा-भायंदर क्षेत्र की संपत्तियों की रजिस्ट्री भिवंडी में किए जाने की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग ने जांच के लिए एक विशेष समिति का गठन किया है।
अप्पर सचिव विनायक लवटे द्वारा २५ नवंबर २०२६ को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, शिकायतकर्ता अजगर भाई वोरा के तरफ से अजय धोका ने राजस्व मंत्री से इस मामले की शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मीरा-भायंदर स्थित सह दुय्यम निबंधक कार्यालय (क्रमांक ४, ७ और १०) में कई दस्तावेजों का पंजीकरण जानबूझकर टाला जाता है। इसके चलते नागरिकों और विकासकों को भिवंडी स्थित कार्यालय जाना पड़ता है, जहां कार्यक्षेत्र से बाहर जाकर और कथित तौर पर मोटी रकम लेकर दस्तावेजों की रजिस्ट्री की जाती है।
गौरतलब है कि मौजे नवघर स्थित २,८१० वर्ग मीटर जमीन में से ५० प्रतिशत हिस्से (१,४०५ वर्ग मीटर) का ‘एग्रीमेंट फॉर सेल’ नियमों के विरुद्ध भिवंडी-३ कार्यालय में दर्ज किया गया था। इस मामले में मुद्रांक विभाग पहले ही ५९.३३ लाख रुपये की स्टांप ड्यूटी चोरी का नोटिस जारी कर चुका है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सह जिला निबंधक वर्ग-१ तथा जिला मुद्रांक अधिकारी (ठाणे ग्रामीण) की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है। इसमें संजय सुंकवाड, सुशील लाकरे और किरण मारुति परेट को सदस्य नियुक्त किया गया है। शासन ने समिति को निर्देश दिया है कि वह भिवंडी कार्यालय में दर्ज सभी संदिग्ध दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच कर १५ दिनों के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट पुणे स्थित नोंदणी महानिरीक्षक के माध्यम से सरकार को सौंपे। जांच में अनियमितता पाए जाने पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

अन्य समाचार