-३१ मार्च २०२७ तक बंद रहेगा ठाणे से वाशी-मुंबई जाने वाला मार्ग
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई, ठाणे और नई मुंबई के बीच रोजाना सफर करने वाले वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ने वाली हैं। सायन-पनवेल महामार्ग पर स्थित तुर्भे फ्लाईओवर का ठाणे से वाशी और मुंबई की ओर जाने वाला हिस्सा २५ नवंबर से सभी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया है। यह बंदी ३१ मार्च २०२७ तक लागू रहेगी। यानी वाहन चालकों को चार महीने से अधिक समय तक वैकल्पिक रास्तों से गुजरना पड़ेगा। इस दौरान फ्लाईओवर के संबंधित हिस्से को तोड़कर दोबारा बनाया जाएगा। सार्वजनिक निर्माण विभाग की जांच में पुल के तीन हिस्सों की स्थिति खराब पाई गई थी। बार-बार मरम्मत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण पुनर्निर्माण का पैâसला लिया गया है। यह काम एसएमसी इंफ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से किया जाएगा।
इस बंदी का असर ठाणे से वाशी और मुंबई की दिशा में जाने वाले वाहनों पर पड़ेगा। नई मुंबई यातायात पुलिस की अधिसूचना के अनुसार, हल्के वाहन सायन-पनवेल महामार्ग से आगे जाकर शिरवणे पुल या एलपी पुल के नीचे से दाहिनी ओर मुड़ेंगे। इसके बाद जुईनगर और तुर्भे बाहरी फ्लाईओवर के रास्ते आगे बढ़ सकेंगे। भारी वाहनों के लिए एलपी पुल के नीचे से शिरवणे, जुईनगर और तुर्भे बाहरी फ्लाईओवर वाला वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। तुर्भे फ्लाईओवर इस मार्ग का महत्वपूर्ण संपर्क बिंदु है। इसके बंद रहने से शिरवणे, जुईनगर और तुर्भे के वैकल्पिक रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ने की आशंका है। खासकर सुबह और शाम के व्यस्त समय में वाहन चालकों को अतिरिक्त समय लेकर निकलना पड़ सकता है।
