-हर्षवर्धन सपकाल का फडणवीस सरकार पर जोरदार हमला
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, बढ़ते भ्रष्टाचार और संवैधानिक संस्थाओं की कथित अनदेखी को लेकर कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने महायुति सरकार पर तीखा हमला बोला है। ठाणे में संविधान बचाओ रैली के अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को निशाने पर लेते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक हो गई है। उन्होंने फडणवीस से गृह मंत्रालय का पद छोड़ने और राज्य में पूर्णकालिक गृहमंत्री नियुक्त करने की मांग की।
सपकाल ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों में मुंबई, पुणे, ठाणे और चिपलूण में गोलीबारी तथा दिनदहाड़े हत्याओं की घटनाओं ने महाराष्ट्र की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। अपराधियों और पुलिस के बीच कथित मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का इस्तेमाल अपराध रोकने के बजाय आंदोलनकारियों को निशाना बनाने और उनके सोशल मीडिया पर निगरानी रखने के लिए किया जा रहा है।
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी सपकाल ने सरकार को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कुंभ मेला नगरी के निर्माण में ३६ हजार करोड़ रुपए की कथित अनियमितताओं, महाड के ऐतिहासिक चवदार तालाब की १०० करोड़ रुपए की विकास योजना और पाटण की परियोजना में प्रशासनिक रोक के बावजूद जारी कामकाज पर सवाल उठाए।
