सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य में सत्तासीन बहुमत वाली भाजपा सरकार केवल इसे तोड़ो, उसे तोड़ो और पेड़ काटो, यही काम कर रही है। अब सीधे सह्याद्रि बेचने निकल पड़े हैं। गृह मंत्री गृह विभाग नहीं चला सकते। अपराध नहीं रोक सकते। पार्टी तोड़ना और पेड़ों की कटाई ही फडणवीस का शौक है, ऐसा जोरदार हमला शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने किया।
आदित्य ठाकरे ने वरली के विभिन्न नागरिक मुद्दों के संबंध में मनपा आयुक्त अश्विनी भिड़े से मुलाकात करने के बाद पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री फडणवीस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रात में हम पेड़ों को हाथ नहीं लगाते। लेकिन फडणवीस को रात में पेड़ काटने और पार्टी तोड़ने की पुरानी आदत है, यह हमारा दुर्भाग्य है। उन्होंने कहा कि मनपा में भी भाजपा अपने चहेते ठेकेदार मित्रों के लिए काम कर रही है।
पसंदीदा ठेकेदारों के लिए तोड़ी जा रही है मनपा की एफडी
शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने तंज कसते हुए कहा कि हमारी सत्ता आते ही ६०० करोड़ के घाटे में चल रही मनपा को सही नियोजन कर फायदे में लाया गया। ९२ हजार करोड़ रुपए की एफडी जमा हुई। लेकिन भाजपा की सत्ता अपने पसंदीदा ठेकेदारों के लिए एफडी तोड़ रही है और ठेकेदार अडानी के आगे घुटने टेक रहे हैं। उन्होंने व्यंग्य कसते हुए कहा कि सत्ताधारियों ने मुंबई की सारी जमीन और पानी अडानी को देने का फैसला कर लिया है।
अपराध और धमकियां सत्ता को फायदेमंद लग रही हैं
भाजपा सरकार के कार्यकाल में अपराधियों में डर नहीं रहा है। सरकार डर किसे दिखा रही है? नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन करने वाले अभिजीत दीपके, सौरभ दास और जेन-जी को, तिरंगा लेकर संविधान की रक्षा के लिए आंदोलन करने वाले तुषार गांधी को सुबह ही पुलिस द्वारा हिरासत में ले लिया जाता है। लुकआउट नोटिस अपराधियों के खिलाफ निकाला जाना चाहिए, लेकिन सरकार विरोधियों को प्रताड़ित करने के लिए अपनी ताकत का इस्तेमाल कर रही है। बम की धमकियां आ रही हैं। गृहमंत्री गृह विभाग नहीं चला सकते, अपराध नहीं रोक सकते। आदित्य ठाकरे ने यह भी आरोप लगाया कि धमकियां, अपराध और दादागीरी इस सत्ता को अपने फायदे की लगती हैं, क्योंकि इससे लोग डर जाएंगे और उनके खिलाफ आंदोलन नहीं करेंगे।
सूखा भीषण, शहरी पलायन होगा!
राज्य में इस वर्ष पिछले १०० वर्षों का सबसे भीषण सूखा पड़ा है। अल नीनो के प्रभाव के कारण फिलहाल पीने का पानी मिलना मुश्किल हो गया है। अगस्त-सितंबर से शुरू हुई यह स्थिति अब भयंकर हो गई है। इस वजह से आने वाले कुछ दिनों में सूखाग्रस्त इलाकों के लोग और पानी की कमी के कारण बंद हो रहे व्यवसायों से जुड़े लोग शहरों की ओर आएंगे। बड़े पैमाने पर शहरी पलायन होगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार के पास कोई नियोजन नहीं है। उन्होंने सवाल किया कि पिछले साल जलयुक्त शिवार योजना पर साढ़े बारह हजार करोड़ रुपए खर्च किए गए, तो यह पानी और पैसा गया कहां? उन्होंने यह भी कहा कि यदि सूखे का सामना करने के लिए आपके पास पैसे नहीं हैं, तो पीएम केयर्स फंड से पैसे लाइए।
सरकार का खौफ विरोधियों को सताने के लिए
पहले मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र पुलिस का अपराधियों में डर और खौफ था। पुलिस ने नब्बे के दशक में मुंबई से अपराध खत्म किया था। इसलिए सरकार को पुलिस और कानून-व्यवस्था को अपराधियों के पीछे लगाना चाहिए। लेकिन उन्होंने आरोप लगाया कि अब गृह विभाग इस बात के लिए काम कर रहा है कि विरोधियों को कैसे सताया जाए और कैसे परेशान किया जाए। उन्होंने यह विश्वास भी जताया कि यदि पुलिस को एक दिन के लिए खुली छूट दे दी जाए, तो पुलिस अपराध खत्म कर देगी।
