-संविधान दिवस पर सीजेआई सूर्यकांत की दो टूक, बोले- असहमति लोकतंत्र की कमजोरी नहीं, संस्थाओं को आलोचना का सामना करने का साहस रखना चाहिए
-न्यायपालिका को भी जनता का भरोसा लगातार अर्जित करना होगा, रोजमर्रा के सत्ता इस्तेमाल में होती है संविधान की असली परीक्षा
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
संविधान दिवस के मौके पर मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने संवैधानिक संस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि निजी स्वार्थ या राजनीतिक एजेंडे के लिए संवैधानिक संस्थाओं को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए। हालांकि, उनके संबोधन का एक दूसरा महत्वपूर्ण पहलू भी रहा। उन्होंने साफ कहा कि असहमति संवैधानिक लोकतंत्र की कमजोरी नहीं है और किसी भी आत्मविश्वासी संस्था में आलोचना का सामना करने तथा उस पर संवाद करने का साहस होना चाहिए। न्यायपालिका को भी जनता का भरोसा अपने कामकाज से लगातार अर्जित करना होगा।
सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन की ओर से आयोजित संविधान दिवस समारोह में सीजेआई ने कहा कि किसी संस्था की आलोचना को उसकी सत्ता या अधिकार के लिए चुनौती नहीं समझना चाहिए। एक मजबूत लोकतंत्र में वकीलों और नागरिकों को सवाल पूछने, चुनौती देने और असहमति जताने का अधिकार है। संस्थाओं को हर असहमति पर रक्षात्मक होने के बजाय तर्क और संवैधानिक मर्यादा के साथ जवाब देना चाहिए।
जनता का भरोसा अपने आप नहीं मिलता
सीजेआई सूर्यकांत ने न्यायपालिका की जिम्मेदारी पर भी अहम टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि न्यायिक अधिकार संवैधानिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन जनता का विश्वास लगातार अर्जित करना पड़ता है। इसके लिए न्यायपालिका की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और फैसलों में निरंतरता जरूरी है।
सीजेआई ने कहा कि संविधान की असली ताकत इस बात में है कि आम नागरिक को निष्पक्ष प्रशासनिक पैâसला मिले, उसकी व्यक्तिगत स्वतंत्रता सुरक्षित रहे और उसे अपनी बात रखने का अवसर मिले। किसी संस्था की संवैधानिक प्रतिबद्धता इस बात से भी तय होती है कि वह अपनी सीमाओं को स्वीकार करती है या नहीं और गलती होने पर उसे सुधारने के लिए कितनी तत्पर रहती है।
