-अमेरिका की नई शुल्क नीति से ४८ अरब डॉलर के भारतीय निर्यात पर संकट, पांच लाख नौकरियों पर खतरे की आशंका
-व्यापार समझौते के नाम पर कॅ वॉशिंगटन का दबाव, २५ फीसदी टैरिफ की धमकी से कपड़ा, चमड़ा, आभूषण और समुद्री उत्पाद उद्योग में चिंता
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टैरिफ नीति ने एक बार फिर भारतीय निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अमेरिका ने भारतीय सामानों पर २५ फीसदी तक अतिरिक्त शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा है। हालांकि, भारत के साथ व्यापार समझौता होने की स्थिति में इसे घटाकर १७ फीसदी करने का विकल्प भी दिया गया है। अमेरिका के इस नए रुख ने मोदी सरकार की व्यापार नीति, कूटनीतिक रणनीति और भारतीय निर्यातकों के हितों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारिक संगठनों ने आशंका जताई है कि इस प्रस्ताव से करीब ४८ अरब डॉलर के भारतीय निर्यात पर असर पड़ सकता है और लगभग पांच लाख नौकरियों पर संकट पैदा हो सकता है।
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने २५ नवंबर को अपनी जांच के बाद भारतीय उत्पादों पर २५ फीसदी तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव रखा। यह कार्रवाई विनिर्माण क्षेत्र में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर की गई जांच का हिस्सा है। अमेरिका ने भारत सहित १४ व्यापारिक साझेदारों को इस दायरे में रखा है। प्रस्ताव अभी लागू नहीं हुआ है। इस पर ५ जनवरी २०२७ तक सार्वजनिक टिप्पणियां मांगी गई हैं और २५ जनवरी से सुनवाई प्रस्तावित है।
सरकार के जवाब पर भी उठ रहे सवाल
वाणिज्य मंत्रालय ने अमेरिकी आरोपों को खारिज करते हुए कहा है कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि व्यापार संबंधी मुद्दों का समाधान द्विपक्षीय व्यापार समझौते के तहत होना चाहिए।
समझौते की शर्तों पर झुकाने की कोशिश?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या व्यापार समझौते के नाम पर भारत पर अमेरिकी शर्तें स्वीकार करने का दबाव बनाया जा रहा है? २५ फीसदी शुल्क की चेतावनी और समझौता होने पर १७ फीसदी शुल्क का विकल्प इसी आशंका को जन्म दे रहा है। कपड़ा, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, ऑटो कलपुर्जे और समुद्री उत्पादों से जुड़े कारोबार पर विशेष असर पड़ने की आशंका है। अमेरिकी खरीदार यदि महंगे भारतीय उत्पादों के बजाय दूसरे देशों से खरीदारी करने लगते हैं तो निर्यातकों के सामने नए बाजार तलाशने की चुनौती खड़ी होगी।
दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिकी सामानों पर भी २५ फीसदी जवाबी शुल्क लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि भारत के ४८ अरब डॉलर के सामानों का निर्यात प्रभावित हो सकता है और करीब पांच लाख नौकरियों का संकट पैदा हो सकता है।
दिल्ली के चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (सीटीआई) के अध्यक्ष बृजेश गोयल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अमेरिकी सामानों पर भी २५ फीसदी जवाबी शुल्क लगाने की मांग की है। उन्होंने कहा, हमारा मानना है कि भारत के ४८ अरब डॉलर के सामानों का निर्यात प्रभावित हो सकता है और करीब पांच लाख नौकरियों का संकट पैदा हो सकता है।
