-एक ही दिन में १४,५६२ मतदाताओं के नाम काटने की कोशिश?
सामना संवाददाता / मुंबई
जलगांव जिले के भुसावल विधानसभा क्षेत्र में एक ही दिन में १४,५६२ मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आवेदन दाखिल किए गए हैं। विशेष बात यह है कि १८६ व्यक्तियों द्वारा नियम विरुद्ध तरीके से फॉर्म ७ के माध्यम से ऑफलाइन आपत्तियां दाखिल कर एसआईआर अभियान के दौरान मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेरफेर करने का षड्यंत्र रचने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस संबंध में कांग्रेस ने राज्य के मुख्य चुनाव आयुक्त के पास शिकायत दर्ज कर जांच की मांग की है।
केंद्रीय चुनाव आयोग ने ९ अक्टूबर २०२६ को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि एक व्यक्ति मतदाता दावों और आपत्तियों की पूरी अवधि के दौरान अधिकतम १० फॉर्म ७ दाखिल कर सकता है और यह सीमा ऑनलाइन तथा ऑफलाइन दोनों पद्धतियों पर लागू है। इसके बावजूद, भुसावल विधानसभा क्षेत्र की सूची से नाम हटाने के लिए १२ अक्टूबर २०२६ को एक ही दिन में फॉर्म ७ के माध्यम से बड़े पैमाने पर ऑफलाइन तरीके से आपत्तियां दाखिल की गई हैं। ये आपत्तियां दाखिल करने वाले १८६ व्यक्तियों में से कुछ ने स्वयं ही लिखित रूप से सूचित किया है कि वे आवेदन उनके नहीं हैं। तीन व्यक्तियों के नाम से कुल मिलाकर ४६३ आपत्तियां दाखिल हैं। इससे यह स्पष्ट होता है कि ये आवेदन पूर्वनियोजित तरीके से और तीसरे पक्ष (बाहरी व्यक्तियों) द्वारा तैयार किए गए हैं, इसलिए इस मामले में अपराध दर्ज कर जलगांव जिले के बाहर के अधिकारियों से स्वतंत्र जांच कराई जाए, ऐसी मांग कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने की है। ये आवेदन कौन लेकर आया, किस अधिकारी या कर्मचारी ने इन्हें स्वीकार किया, क्या इनकी आवक प्रविष्टि और पावती रसीदें मौजूद हैं और आयोग की सीमा होने के बावजूद इन्हें क्यों स्वीकार किया गया, यह जांच में तय किया जाना चाहिए।
मतदाताओं को पक्ष रखने का अवसर दें
मतदाता सूची में पहले से दर्ज किसी भी व्यक्ति का नाम उसे नोटिस दिए बिना, अपना पक्ष रखने का उचित अवसर दिए बिना और ठोस सबूत के बिना नहीं हटाया जा सकता। एक ही दिन में, एक जैसे बंडलों में, १८६ व्यक्तियों द्वारा इतने अधिक आवेदन दाखिल होना संगठित नियोजन के बिना संभव नहीं है। इसलिए इसके पीछे के मुख्य सूत्रधारों का पता लगाना आवश्यक है, ऐसा हर्षवर्धन सपकाल ने कहा है।
