-`एसआईआर’ को लेकर उद्धव ठाकरे का निशाना
सामना संवाददाता / मुंबई
भाजपा और एसआईआर की आलोचना करते हुए शिवसेनापक्षप्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि कश्मीर में हिंदुस्थानी नागरिकों को ही मतदान के अधिकार से वंचित करने का काम आतंकियों ने किया था, वही काम अब एसआईआर के जरिए केंद्र की भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही है या क्या, पता नहीं।
उद्धव ठाकरे के हाथों डॉ. वैदेही तामण की पुस्तक `लल देद कश्मीरची आई’ (लल देद: कश्मीर की मां) का विमोचन मुंबई मराठी पत्रकार संघ में हुआ। कश्मीर की संत लल देद के जीवन पर आधारित इस पुस्तक में वहां की आतंकग्रस्त परिस्थितियों को भी दर्शाया गया है। कश्मीर की उन परिस्थितियों की तुलना उद्धव ठाकरे ने भाजपा के वर्तमान शासन से की। उद्धव ठाकरे ने कहा कि कश्मीर में हिंदू और मुस्लिम समाज को जोड़ने का प्रयास लल देद ने किया था, उसी कश्मीर को भाजपा शासन ने तोड़ दिया।
श्रीनगर और जम्मू में हिंदुओं को अलग बस्तियां बसानी पड़ीं। उद्धव ठाकरे ने बताया कि १९७९ में उन्होंने कश्मीर का अध्ययन दौरा किया था। उस समय वहां के नागरिक पूछते थे कि क्या आप हिंदुस्थान से हैं? इस बारे में पूछने पर कश्मीरी नागरिक कहते थे, `हमारे लिए हिंदुस्थानी सरकार ने क्या किया है? कश्मीर को धरती का स्वर्ग वगैरह कहना ठीक है, लेकिन रोजी-रोटी का क्या? यहां के पर्यटन का सारा पैसा हिंदुस्थान सरकार ले जाती है, हमें क्या मिलता है?’
कश्मीर के कई घरों में बालासाहेब की पूजा होती है
कश्मीर में आतंकियों ने हिंदू पंडितों की हत्याएं की थीं। आतंकियों ने चौकीदार सहित घर के पुरुषों को गोली मार दी थी और महिलाओं को घर से बाहर निकालकर घर पर कब्जा कर लिया था, ऐसी व्यथा एक पंडित ने उस समय हिंदूहृदयसम्राट शिवसेनाप्रमुख बालासाहेब ठाकरे के सामने व्यक्त की थी। उस समय बालासाहेब हिंदू पंडितों की रक्षा के लिए दौड़ पड़े थे। उद्धव ठाकरे ने इस अवसर पर कहा कि कुपवाड़ा सहित कश्मीर के कई घरों में बालासाहेब की केवल तस्वीर ही नहीं है, बल्कि उनकी पूजा होती है।
