मुख्यपृष्ठनए समाचारबकलोली : हवा के साथ उड़ा सवार

बकलोली : हवा के साथ उड़ा सवार

श्रीकिशोर शाही

बाइक की सवारी काफी रोमांचकारी होती है। पर यदि इसे लापरवाही और काफी तेज गति से चलाया जाए तो इसका खामियाजा भी भुगतना पड़ता है। मगर ऐसा भी क्या कि आदमी हवा में ही उड़ जाए। हाल ही में नेपानगर में एक ऐसा हादसा हुआ जिसमें बाइक पर सवार एक युवक हवा में उड़ गया और एक मकान की टिन की छत पर जा गिरा। यह हादसा बुरहानपुर का है। युवक नेपानगर रेलवे ओवर ब्रिज पर तेज गति से बाइक दौड़ा रहा था। हादसे के समय पीछे बैठा एक युवक फिल्मी स्टाइल में उड़ते हुए ओवर ब्रिज के पास बने एक मकान की छत पर जा गिरा। जैसे ही युवक ओवर ब्रिज से टकराया उसकी गाड़ी का अगला पहिया टूट गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। वहां मौजूद लोगों ने छत पर चढ़कर युवक को नीचे उतारा और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। घायल युवक अपने दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर घर जा रहा था। इस हादसे में उसे मामूली चोट आई है। यह हादसा मंगलवार शाम ५ बजे हुआ। घायल को कमर और हाथ में चोट आई है। नेपानगर रेलवे ओवरब्रिज की ऊंचाई करीब ६० फीट है। इस ६० फीट ऊंचे ओवरब्रिज से बाइक पर पीछे बैठा युवक फिल्मी स्टाइल में उड़ते हुए छत पर जा गिरा। शुक्र है वह बच गया वरना उसकी जान भी जा सकती थी। इसलिए जब भी बाइक चलाएं, सावधानी जरूर बरतें।
चोरी से पहले पूजा
यारों, चोरी मेरा काम। यह गाना तो आपने सुना होगा और अगर न सुना होगा तो कोई बात नहीं। हम यहां एक चोर के बारे में जिक्र करने जा रहे हैं, जो अपना काम पूरी इमानदारी से करता है। असल में यह चोर एक मंदिर में चोरी करने पहुंचा था। पर चोरी तो उसका पेशा था मगर आस्था भी कोई चीज होती है। सो चोर ने पहले भोले बाबा की विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की और उसके बाद वह भोले बाबा के नाग को चुराकर ही फरार हो गया। यह घटना मेरठ के शिव मंदिर का है। मंदिर में चोरी की यह घटना सीसीटीवी में वैâद हो गई और तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि चोर पहले एक कपड़े की थैली के साथ भोले बाबा के मंदिर में प्रवेश करता है। इसके बाद भोले बाबा की शिवलिंग के आसपास जो भी मूर्ति होती है, उनके हाथ जोड़ते हुए उनकी पूजा करता है। फिर वह भोले बाबा के आगे भी हाथ जोड़कर कुछ देर तक वह पूजा करता है। उसके बाद खड़ा होता है। बाहर जाकर इधर-उधर देखता है। फिर से मंदिर में प्रवेश करते हुए भोले बाबा की शिवलिंग में लगे नाग की चोरी कर थैली में रख लेता है, जिसके बाद वो वहां से फरार हो जाता है। पुलिस का कहना है की सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संबंधित व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताते चलें कि सोशल मीडिया पर यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग इसको लेकर तरह-तरह के कॉमेंट करते हुए नजर आ रहे हैं।

अन्य समाचार