मुख्यपृष्ठसमाचारकांग्रेस ने किया केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध

कांग्रेस ने किया केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध

सामना संवाददाता / मुंबई

दिल्ली के मुख्यमंत्री तथा इंडिया आघाड़ी के सहयोगी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का मुंबई कांग्रेस ने विरोध किया है। राजीव गांधी भवन में आयोजित पत्रकार परिषद में मुंबई कांग्रेस की अध्यक्षा वर्षा गायकवाड़ ने पत्रकारों से रू-ब-रू होते हुए कहा कि ईडी ने अभी तक किसी भाजपा नेता को क्यों नहीं गिरफ्तार किया, जबकि एकतरफा कार्रवाई सिर्फ विपक्षी पार्टियों पर हो रही है। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव धन शक्ति तथा जन शक्ति के बीच की लड़ाई है। भाजपा के पास धन की कोई कमी नहीं है, जबकि कांग्रेस के पास कोई गलत तरीके का धन नहीं है और न ही अंबानी-अडानी जैसा धनवान आदमी। केंद्र की भाजपा सरकार के इशारे पर कांग्रेस के 11 बैंक खातों को बंद कर दिया गया है। वह रुपया लोगों ने अपनी मर्जी से चंदे के रूप में दिया था। केंद्र की मोदी-शाह की सरकार लोकतंत्र की हत्या करने पर तुली है। लोकसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। चुनाव प्रचार में अनियमितता बरतने वाले भाजपाइयों पर चुनाव आयोग कोई कार्रवाई क्यों नहीं कर रहा है।इस तरह के अनेक प्रश्न कांग्रेस अध्यक्षा ने पत्रकारों के सामने रखा। इस अवसर पर अखिलेश यादव, हाजी इब्राहिम (भाईजान), सुरेशचंद्र, राजहंस, संदीप शुक्ला, आनंद शुक्ला, युवराज मोहिते, निजामुद्दीन राईन, तुषार गायकवाड़, एड. अविनाश सिंह, महेंद्र मुंगेकर सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

अन्य समाचार