मुख्यपृष्ठनए समाचारमनपा में फिर होगा परिसीमन!.. अब होंगे ३५० नगरसेवक, तैयारी शुरू

मनपा में फिर होगा परिसीमन!.. अब होंगे ३५० नगरसेवक, तैयारी शुरू

-भाजपा के बढ़ते राजनीतिक कब्जे के बीच बढ़ा खर्च
-आजाद मैदान में ३० करोड़ से बनेगा नया सभागृह

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई मनपा चुनाव के बाद अभी नई व्यवस्था पूरी तरह पटरी पर भी नहीं आई है कि नगरसेवकों की संख्या बढ़ाने की तैयारी ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। मनपा मुख्यालय के सामने आजाद मैदान के प्रवेशद्वार के पास करीब ३० करोड़ रुपए की लागत से छह मंजिला नया सभागृह बनाने की तैयारी है। इसमें ३३० से ३५० नगरसेवकों के बैठने की व्यवस्था प्रस्तावित है। इससे साफ है कि आगामी दिनों में मनपा में नगरसेवकों की संख्या ३३० से ३५० तक होने की संभावना है।
वर्तमान में मनपा में २२७ निर्वाचित और १० नामनिर्देशित समेत कुल २३७ सदस्यों की व्यवस्था है। लेकिन प्रस्तावित नए सभागृह की क्षमता सीधे ३३० से ३५० सदस्यों तक रखी गई है। यानी भविष्य में नगरसेवकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी को ध्यान में रखकर पूरा ढांचा तैयार किया जा रहा है। इससे एक बार फिर परिसीमन और वार्डों की संख्या बढ़ाने की राजनीतिक कवायद की आशंका को बल मिल रहा है। मुंबई की सड़कों, सफाई, पानी और नागरिक सुविधाओं की बदहाली के बीच मनपा अब करोड़ों रुपए नए सभागृह पर खर्च करने जा रही है।
पहले संख्या बढ़ेगी या सुविधाएं?
भविष्य में नगरसेवकों की संख्या बढ़ती है तो प्रशासनिक खर्च, कार्यालय, वाहन और अन्य सुविधाओं का बोझ भी मुंबईकरों की जेब पर ही पड़ेगा। सवाल यह है कि भाजपा की सत्ता में मनपा का आकार जनता की जरूरतों के लिए बढ़ रहा है या राजनीतिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए? या फिर भाजपा के फायदे के लिए इसे जानबूझकर बढ़ाया जा रहा है?

अन्य समाचार