मुख्यपृष्ठसमाचारकाशी में धूमधाम से मनाया गया धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी का 119वां...

काशी में धूमधाम से मनाया गया धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी का 119वां प्राकट्योत्सव, विद्वानों का हुआ सम्मान

उमेश गुप्ता / वाराणसी

धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज के 119वें प्राकट्योत्सव के अवसर पर दुर्गाकुंड स्थित श्रीधर्मसंघ शिक्षा मंडल (श्रीमणि मंदिर) के प्रांगण में शुक्रवार को करपात्र रत्न सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में व्याकरण के प्रकांड विद्वान आचार्य पं. गायत्री प्रसाद पांडेय को प्रतिष्ठित सवा लाख रुपये का करपात्र रत्न सम्मान एवं आचार्य पं. श्रीप्रकाश मिश्र को 51 हजार रुपये का करपात्र गौरव सम्मान प्रदान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता कर रहे धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज, मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी एवं धर्मसंघ महामंत्री पं. जगजीतन पांडेय ने दोनों विद्वानों को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र, ड्राफ्ट, दुशाला एवं श्रीफल प्रदान किया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने कहा कि आज जब नई पीढ़ी विकास का अर्थ केवल भौतिकतावादी दृष्टिकोण में ही निहित समझती है, उस दौर में मनुष्य का आध्यात्मिक और मानसिक विकास भी बहुत आवश्यक हो गया है। ऐसे में स्वामी करपात्री जी महाराज द्वारा दिखाए गए मार्ग का महत्व और बढ़ जाता है। स्वामी जी की सोच न केवल सामाजिक बुराइयों को दूर करने में, बल्कि धार्मिक आडंबरों को दूर करने में भी प्रासंगिक है।
अध्यक्षता करते हुए धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज ने कहा कि धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी आधुनिक भारत के अभिनव शंकर के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उन्होंने स्वयं के लिए नहीं, बल्कि सनातन धर्म की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। धर्मसंघ आज भी स्वामी जी की परंपरा को अक्षुण्ण बनाए रखते हुए आगे बढ़ रहा है।
समारोह में प्रो. राजाराम शुक्ल, प्रो. सदाशिव द्विवेदी, प्रो. उपेंद्र पांडेय, प्रो. उपेंद्र त्रिपाठी, प्रो. चंद्रमा पांडेय, प्रो. रामनारायण द्विवेदी, प्रो. शैलेश मिश्र, डॉ. भगवत शरण शुक्ल सहित दो दर्जन विद्वानों ने विचार रखे। संचालन पं. जगजीतन पांडेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. उदयन मिश्र ने किया।
इस मौके पर तरुणा डिंगरा, वाराणसी न्यायालय के न्यायाधीश मुकुल पांडेय, राजमंगल पांडेय सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

अन्य समाचार