मुख्यपृष्ठसमाचारमुख्यमंत्री की सेवा में अब इकबाल सिंह चहल

मुख्यमंत्री की सेवा में अब इकबाल सिंह चहल

सामना संवाददाता / मुंबई

केंद्रीय चुनाव आयोग द्वारा हटाए जाने के बाद अब पूर्व मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल को मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है। इस तरह दो दिन पहले शिवसेना नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे की भविष्यवाणी सच साबित हुई है। दूसरी तरफ मनपा में भ्रष्टाचार के बाद इकबाल सिंह चहल के मुख्यमंत्री की सेवा में नियुक्त किए जाने को लेकर राजनीतिक गलियारे में  जोरदार चर्चा चल रही है। लोकसभा चुनाव से पहले केंद्रीय चुनाव आयोग ने राज्य सरकार को झटका देते हुए मुंबई मनपा आयुक्त इकबाल सिंह चहल को आयुक्त पद से हटाने का आदेश दिया था। इसके बाद भूषण गगरानी को मुंबई मनपा का आयुक्त नियुक्त किया गया। हालांकि, चहल को हटाए जाने के चार दिन बीत जाने के बाद भी राज्य सरकार की ओर से उनकी नियुक्ति को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई। इस पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने दो दिन पहले ‘एक्स’ पर ट्वीट कर भविष्यवाणी की थी कि इकबाल सिंह चहल को मुख्यमंत्री कार्यालय में पद दिया जाएगा। उनकी संभावना आखिरकार सच हो गई और चहल को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के अतिरिक्त मुख्य सचिव के रूप में नियुक्त किया गया है।
चहल की मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्ति के बाद आदित्य ठाकरे ने ट्वीट कर मुख्यमंत्री की आलोचना की। उन्होंने कहा कि मैंने दो दिन पहले जिस तरह की भविष्यवाणी की थी, यह बिल्कुल वैसा ही हुआ। मनपा के भ्रष्ट पूर्व आयुक्त को अब मुख्यमंत्री कार्यालय में नियुक्त किया गया है। इन भ्रष्ट पूर्व आयुक्तों को विशेष रूप से असंवैधानिक मुख्यमंत्री (सीएम-ठेकेदार मंत्री) की मदद के लिए नियुक्त किया गया है। आदित्य ठाकरे ने तंज कसा है कि यह असंवैधानिक मुख्यमंत्री के पसंदीदा ठेकेदारों को मुंबई को लूटने में मदद करने का इनाम है।

अन्य समाचार