मुख्यपृष्ठनए समाचारनहीं चेत रही केडीएमसी!...कल्याण शहर में अवैध होर्डिंग्स की भरमार 

नहीं चेत रही केडीएमसी!…कल्याण शहर में अवैध होर्डिंग्स की भरमार 

-अधिकारियों की लापरवाही से जनता में आक्रोश

सुजीत श्रीवास्तव / सामना संवाददाता 

कल्याण शहर में अवैध होर्डिंग्स की समस्या ने विकराल रूप धारण कर लिया है। शहर के पूर्व और पश्चिम दोनों हिस्सों में अवैध होर्डिंग्स की भरमार है, लेकिन कल्याण-डोंबिवली महानगर पालिका के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण इस मुद्दे पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। प्रशासन की इस उदासीनता से जनता की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है।
केडीएमसी दे रही सिर्फ आश्वासन
बता दें कि कुछ दिन पहले कल्याण-पूर्व के मलंग गढ़ रोड, चेतना स्कूल के पास ही आई वार्ड में एक अवैध होर्डिंग एमएसईबी के पोल पर गिरा और पास की एक इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। इस दुर्घटना के बाद, इमारत के निवासियों को दो दिनों तक बिजली नहीं मिली। इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की, लेकिन केडीएमसी ने सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टाल दिया। कुछ समय बाद प्रशासन ने पुन: अवैध होर्डिंग्स को लगने दिया, जिससे मनपा और होर्डिंग लगाने वालों की मिलीभगत और काली कमाई शुरू है। इस घटना ने जनता की चिंता को और बढ़ा दिया है।
कल्याण में मंडरा रहा खतरा 
मुंबई के घाटकोपर में भी इसी तरह का हादसा हुआ था, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी। इसके बावजूद, केडीएमसी अपनी कुंभकर्णी नींद से जागने को तैयार नहीं है। प्रशासनिक अधिकारी कार्रवाई करने के बजाय आंखें मूंदे बैठे हैं और नींद में होने का नाटक कर रहे हैं। कल्याण-पूर्व में मुख्य सड़कों पर अवैध होर्डिंग्स की भरमार है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
तत्काल हो कार्रवाई 
राष्ट्र कल्याण पार्टी के अध्यक्ष शैलेश तिवारी ने इस विषय पर कहा कि अवैध होर्डिंग्स को लेकर सख्त कार्रवाई की जरूरत है। मनपा को अवैध होर्डिंग्स के खिलाफ त्वरित और कठोर कदम उठाने चाहिए, ताकि जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। जनता की जान की कीमत पर कोई भी समझौता स्वीकार्य नहीं है और प्रशासन को अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

अन्य समाचार