प्रस्तुति – शीतल अवस्थी
धर्म शास्त्रों के अनुसार सावन महीने में महादेव की पूजा करने से हर मनोकामना पूरी हो जाती है। चूंकि तंत्र के देवता भी शिव ही हैं इसलिए इस महीने में किए गए टोटके से किसी भी इंसान की किस्मत बदल सकती है। प्रतिदिन २१ बिल्वपत्रों पर चंदन से ‘ॐ नम: शिवाय’ लिखकर शिवलिंग पर चढ़ाएं, साथ ही एकमुखी रुद्राक्ष भी अर्पण करें। इससे सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाएंगी। अगर आपके घर में किसी भी प्रकार की परेशानी हो तो सावन में रोज सुबह घर में गोमूत्र का छिड़काव करें तथा गुग्गल की धूप दें। यदि आपके विवाह में अड़चन आ रही है तो रोज शिवलिंग पर केसर मिला हुआ दूध चढ़ाएं। ध्यान रहे कि दूध की धार तब तक टूटनी नहीं चाहिए जब तक कि प्रार्थना पूर्ण न हो जाए। इससे जल्दी ही आपके विवाह के योग बनने लगेंगे। सावन में रोज नंदी (बैल) को हरा चारा खिलाएं। इससे जीवन में सुख-समृद्धि आएगी और मन प्रसन्न रहेगा। पूरे महीने में रोज गरीबों को भोजन कराएं, इससे आपके घर में कभी अन्न की कमी नहीं होगी तथा पितरों की आत्मा को शांति मिलेगी। रोज सुबह जल्दी उठकर स्नानादि से निपट कर समीप स्थित किसी शिव मंदिर में जाएं और भगवान शिव का जल से अभिषेक करें और उन्हें काले तिल अर्पण करें। इसके बाद मंदिर में कुछ देर बैठकर मन ही मन में ‘ॐ नम: शिवाय’ मंत्र का जप करें। रोज किसी नदी या तालाब जाकर आटे की गोलियां मछलियों को खिलाएं। जब तक यह काम करें मन ही मन में भगवान शिव का ध्यान करते रहें। यह धन प्राप्ति का बहुत ही सरल उपाय है। यदि आप कालसर्प दोष से पीड़ित हैं तो अमावस्या की शाम १ किलो कच्चे कोयले व ३ नारियल ले जाकर बहते पानी में डालें। घर आने के बाद १ माला महामृत्युंजय मंत्र का जप करें।
