-३४ गाड़ियों में मानव बम
-धमकी देने वाले ने खुद को लश्कर-ए-जिहादी सदस्य बताया
– १ करोड़ लोगों की जान लेने की धमकी
सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में अनंत चतुर्दशी से एक दिन पहले मुंबई पुलिस को एक धमकी भरा मैसेज मिला है। यह मैसेज मुंबई पुलिस की ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक व्हाट्सऐप नंबर पर भेजा गया था। मैसेज में दावा किया गया है कि शहर की ३४ गाड़ियों में मानव बम लगाए गए हैं और धमाके के बाद पूरी मुंबई हिल जाएगी। धमकी भेजने वाले ने खुद को लश्कर-ए-जिहादी संगठन का सदस्य बताया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
धमकी में यह भी कहा गया है कि १४ पाकिस्तानी आतंकी भारत में घुस चुके हैं और वे ४०० किलो आरडीएक्स से विस्फोट करने वाले हैं, जिससे लगभग १ करोड़ लोगों की जान खतरे में पड़ सकती है। धमकी के इस गंभीर स्वरूप को देखते हुए मुंबई पुलिस ने काफी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस ने पूरे शहर में सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए हैं और संभावित खतरों का सामना करने के लिए विशेष टीमें तैनात कर दी हैं।
लश्कर-ए-जिहादी से मिली धमाके की धमकी
मुंबई पुलिस के अनुसार, ये धमकी कथित तौर पर ‘लश्कर-ए-जिहादी’ नामक संगठन की ओर से भेजी गई है। संदेश में कहा गया है कि १४ पाकिस्तानी आतंकवादी भारत में घुस चुके हैं और वे मुंबई में एक बड़ा आतंकी हमला करने की योजना बना रहे हैं। धमकी में ये भी दावा किया गया है कि विस्फोट इतना बड़ा होगा कि पूरी मुंबई हिल जाएगी और करोड़ों लोग मारे जाएंगे। पुलिस ने बताया कि मुंबई ट्रैफिक पुलिस को उनके आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर पर धमकी मिली है। इसमें कहा गया है कि शहरभर में ३४ वाहनों में ३४ मानव बम लगाए गए हैं और विस्फोट से पूरी मुंबई हिल जाएगी।
पहले भी मिलीं धमकियां
मुंबई पुलिस को एक धमकी भरा कॉल मिला है जिसमें दावा किया गया कि ३४ कारों में ४०० किलो आरडीएक्स और मानव बम रखे गए हैं, जिनके धमाकों से मुंबई दहल जाएगी। कॉल के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है। हालांकि पहले भी मंदिर, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट को मिली धमकियां अफवाह साबित हुर्इं, लेकिन पुलिस हर बार सख्ती से जांच करती है। पुलिस के मुताबिक, कॉल करने वाला खुद को लश्कर-ए-जिहादी नाम के संगठन से जुड़ा बता रहा था। धमकी भी अनंत चतुर्दशी से ठीक पहले दी गई, जब शहर में गणेश विसर्जन की भीड़ रहती है। इससे पुलिस की टेंशन और बढ़ गई।
पिछले कुछ महीनों से मुंबई और आस-पास के इलाकों में लगातार ऐसी धमकियां मिल रही हैं। कभी रेलवे स्टेशन उड़ाने की बात कही गई, कभी मंदिर को निशाना बनाने की। इससे पहले इस हफ्ते की शुरुआत में सोमवार को, महाराष्ट्र के ठाणे जिले में एक रेलवे स्टेशन को उड़ाने की कथित तौर पर फर्जी बम धमकी कॉल करने के आरोप में एक ४३ वर्षीय व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया था। राजकीय रेलवे पुलिस ने बताया कि आरोपी, जिसकी पहचान रूपेश मधुकर रणपिसे के रूप में हुई है, ने रविवार शाम करीब ४ बजे पुलिस हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके बताया कि उसने कलवा रेलवे स्टेशन पर बम रखा है।
वरली के पांच सितारा होटल को मिली धमकी
आज से करीब दो हफ्ते पहले वरली के फोर सीजन होटल में ब्लास्ट की धमकी दी गई थी। इससे पहले १४ अगस्त को पुलिस को फोन कर के कहा गया था कि एक ट्रेन में धमाका होने वाला है। यह कहते ही कॉलर ने फोन काट दिया था। न समय और न ही लोकेशन की जानकारी दी गई थी। हालांकि, पुलिस ने गंभीरता से जांच की थी और उन्हें कुछ संदिग्ध नहीं मिला था। मुंबई को दहला देने की एक और धमकी २६ जुलाई को आई थी, जिससे हड़कंप मच गया था।
