सादगी की मिसाल साई का दिलचस्प राज
अभिनेत्री साई पल्लवी ने अपने स्कूली दिनों से जुड़ा एक दिलचस्प लेकिन चौंकाने वाला किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि सातवीं कक्षा में उन्होंने एक लड़के के लिए प्रेम-पत्र लिखा था। पत्र घरवालों के हाथ लग गया, जिसके बाद माता-पिता ने उनकी जमकर पिटाई की थी। साई पल्लवी ने यह अनुभव फिल्म `विराट पर्वम’ के प्रचार के दौरान दिए एक पुराने साक्षात्कार में सुनाया था, जो अब दोबारा चर्चा में है। फिल्म में उनका किरदार वेन्नेला अभिनेता राणा दग्गुबाती के किरदार तक चिट्ठी पहुंचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालता है। इसी संदर्भ में उनसे पूछा गया था कि क्या उन्होंने वास्तविक जीवन में भी कभी ऐसा पत्र लिखा है। अभिनेत्री ने बताया कि फिल्म में उन्होंने निर्देशक के निर्देश के अनुसार पत्र लिखे थे, लेकिन असल जिंदगी में उन्होंने केवल एक बार किसी लड़के को चिट्ठी लिखी। उन्होंने मुस्कराते हुए कहा कि वह पकड़ी गईं और इसके बाद माता-पिता ने उन्हें बहुत पीटा था।
