मुख्यपृष्ठनए समाचारये तो लोकतंत्र का मजाक है!

ये तो लोकतंत्र का मजाक है!

-केजरीवाल की गिरफ्तारी पर आदित्य ठाकरे का भाजपा पर हल्लाबोल

सामना संवाददाता / मुंबई

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाले के सिलसिले में गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय ने गिरफ्तार कर लिया। इसके चलते सत्ताधारियों की जमकर आलोचना हो रही है। केजरीवाल की गिरफ्तारी पर शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) नेता व युवासेनाप्रमुख आदित्य ठाकरे ने सत्तारूढ़ भाजपा पर तगड़ा प्रहार करते हुए कहा कि देश में किस तरह से लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर मजाक उड़ाया जा रहा है, इसका यह सटीक उदाहरण है।
इसे लेकर सोशल नेटवर्किंग साइट एक्स पर ट्विट करते हुए आदित्य ठाकरे ने कहा है कि लोकतंत्र ही नहीं, बल्कि अब तो पूरी व्यवस्था का मजाक बना दिया गया है। एक विपक्षी मुख्यमंत्री को पद पर रहते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरफ्तारी से पहले एक और मुख्यमंत्री ने इस्तीफा दे दिया। विपक्षी दलों के बैंक खाते प्रâीज कर दिए गए हैं। एक महीने पहले चंडीगढ़ में महापौर चुनाव में भयंकर मामला कैमरे में कैद हुआ था। सरकार ईडी, सीबीआई, इनकम टैक्स जैसे सरकारी तंत्र का इस्तेमाल करके विपक्षी दलों की कमर तोड़ रही है।

इतना ही नहीं, जब यह सब हो रहा है तो हम झूठ क्यों बोलें कि हम एक निष्पक्ष और स्वतंत्र लोकतांत्रिक देश हैं? इस तरह का नाराजगी भरा सवाल आदित्य ठाकरे ने किया है।
इस बीच शुक्रवार को अरविंद केजरीवाल को कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान उन्होंने गिरफ्तारी के बाद पहली बार सामने आकर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। केजरीवाल ने कहा कि मैं चाहे जेल में रहूं या बाहर, मेरा जीवन देश के लिए समर्पित है। केजरीवाल ने यह वक्तव्य तब दिया जब उन्हें राउज एवेन्यू कोर्ट में लाया गया था। उत्पाद नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गुरुवार रात प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद अरविंद केजरीवाल की यह पहली प्रतिक्रिया थी। केजरीवाल गिरफ्तार होनेवाले पहले मौजूदा मुख्यमंत्री हैं। इस बीच आप नेताओं ने कल देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। गिरफ्तारी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में प्रदर्शन शुरू हो गया है। इस बीच आतिशी और सौरभ भारद्वाज जैसे दिल्ली के कुछ प्रमुख मंत्रियों को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।

अन्य समाचार