मुख्यपृष्ठनए समाचारमानखुर्द में पानी भरेगा, मनपा देखती रहेगी? ... मानसून के बीच पंपिंग...

मानखुर्द में पानी भरेगा, मनपा देखती रहेगी? … मानसून के बीच पंपिंग स्टेशन प्रोजेक्ट का एलान रिजल्ट अगले मानसून तक!

सामना संवाददाता / मुंबई
मुंबई में मानसून पूरे जोर पर है और मानखुर्द जैसे इलाकों में जलजमाव की स्थिति हर बारिश के साथ और बदतर होती जा रही है। ऐसे में मुंबई मनपा ने अब जलनिकासी के लिए मिनी पंपिंग स्टेशन और भूमिगत जल-संग्रहण टैंक बनाने की योजना का एलान किया है, लेकिन इस एलान के समय और क्रियान्वयन की गति पर अब सवाल उठने लगे हैं।
मनपा के अनुसार, इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में ६ महीने लगेंगे। यानी यह सुविधा अगले मानसून से पहले तैयार होगी, तब तक क्या होगा? क्या मौजूदा मानसून में पानी खुद सूख जाएगा या फिर नागरिक घुटनों तक भरे पानी से जूझते रहेंगे? मानखुर्द, टी-जंक्शन और महाराष्ट्र नगर के नागरिक हर साल बर्बादी की इस स्क्रिप्ट को दोहराते आ रहे हैं। हर बारिश में घरों में पानी, सड़कों पर ट्रैफिक जाम और बीमारियों का खतरा। मनपा को इस समस्या का वर्षों से अंदाजा है, लेकिन समाधान मानसून के बीच घोषित किए जा रहे हैं, जब सड़कों पर पहले से ही पानी भरा है।
इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग १५ करोड़ रुपए बताई जा रही है और इसमें तीन पंप लगाए जाएंगे, जो भारी बारिश में पानी को भूमिगत टैंक में जमा करेंगे। लेकिन अभी ये सिर्फ कागज पर है। सवाल ये है कि मनपा ने इसकी तैयारी मानसून से पहले क्यों नहीं की? एक बार फिर नागरिकों को इंतजार करने को कहा जा रहा है। इस बार ६ महीने तक इस उम्मीद में कि शायद अगली बारिश राहत लेकर आए, लेकिन तब तक क्या हर बारिश मनपा की नाकामी उजागर नहीं करती रहेगी?

अन्य समाचार