मुख्यपृष्ठनए समाचारएसटी प्रशासन की लेटलतीफी ...महाप्रबंधक कार्यालय में फाइलों का अंबार!

एसटी प्रशासन की लेटलतीफी …महाप्रबंधक कार्यालय में फाइलों का अंबार!

टूटने के कगार पर अफसरों का धैर्य
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल में प्रशासनिक कार्यप्रणाली की रफ्तार थम सी गई है। ट्रांसफर और पदोन्नति से जुड़ी सैकड़ों फाइलें महीनों से महाप्रबंधक कार्यालय में लंबित पड़ी हैं। क्लास-१ से क्लास-२ स्तर तक के अधिकारी तबादलों और पदोन्नतियों की प्रतीक्षा में असमंजस और असंतोष की स्थिति में हैं। लालफीताशाही के चलते फाइलें मंजूरी की दहलीज पार नहीं कर पा रही हैं, जिससे अधिकारियों का धैर्य अब जवाब देने लगा है। अनुकंपा नियुक्ति जैसी संवेदनशील फाइलें भी लाल टेप में उलझ गई हैं, जिससे मृत कर्मियों के परिजनों को भी राहत नहीं मिल पा रही है। इस लेटलतीफी ने एसटी के प्रशासनिक ढांचे की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। एसटी महामंडल के राज्य भर में ३१ विभागीय कार्यालय हैं और अधिकांश प्रशासनिक कार्य की फाइलें मुंबई सेंट्रल स्थित मुख्यालय से होकर गुजरती हैं। अधिकारियों के तबादले, पदोन्नति, अनुकंपा नियुक्ति और नीति संबंधी निर्णयों की फाइलें विभागीय कार्यालयों से मंजूरी हेतु मुख्यालय भेजी जाती हैं। प्रशासनिक सुसंगतता बनाए रखने के लिए इन फाइलों को तय समय में मंजूरी मिलना अपेक्षित होता है, लेकिन बीते तीन-चार महीनों से करीब २०० फाइलें मंजूरी की प्रतीक्षा में पड़ी हैं। इसका मानसिक कष्ट राज्य भर के अधिकारियों को झेलना पड़ रहा है। खास बात यह है कि अनुकंपा आधार पर नियुक्ति की फाइलें भी लालफीताशाही में फंस गई हैं, जिससे मृत अधिकारियों के परिवार परेशान हो रहे हैं।

अन्य समाचार