मुख्यपृष्ठनए समाचारदादा की `दादागीरी' से अधिकारियों में नाराजगी!

दादा की `दादागीरी’ से अधिकारियों में नाराजगी!

-मंच पर ही लगाई अतिरिक्त मुख्य सचिव चहल को फटकार

सामना संवाददाता / मुंबई

महायुति सरकार में उप मुख्यमंत्री अजीत पवार (दादा) की दादागीरी थमने के नाम नहीं ले रही है। इसको लेकर अधिकारियों में नाराजगी व्याप्त है। बता दें कि कुछ दिन पहले एक महिला आईपीएस अधिकारी को खुलेआम धमकी दी थी। वह मामला अभी पूरी तरह से शांत ही नहीं हुआ है कि अतिरिक्त मुख्य सचिव इकबाल सिंह चहल पर अपनी दादागीरी दिखाते हुए मंच पर ही कड़ी फटकार लगा दी। जिसके कारण सचिव स्तर के अधिकारियों में भी काफी नाराजगी होने की बात कही जा रही है।
बताया जाता है कि बंड गार्डन पुलिस स्टेशन के निर्माण के लिए निधि स्वीकृत हो गई है, लेकिन प्रशासनिक कागजी कार्रवाई की समस्याओं के कारण संबंधित पुलिस स्टेशन को अभी तक स्थानांतरित नहीं किया गया है। इस बात को लेकर उप मुख्यमंत्री अजीत पवार ने राज्य के अतिरिक्त मुख्य सचिव इकबाल सिंह चहल को मंच पर कड़ी फटकार लगाई। मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक के निर्देश के बावजूद भी बंड गार्डन पुलिस स्टेशन स्थानांतरित नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर चहल पर अजीत पवार मंच पर ही भड़क गए और उन्हें खरी-खोटी सुनाई। पुणे में विभिन्न परियोजनाओं पर आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए अजीत पवार ने कहा कि सरकार में हम सभी मिलकर महत्वपूर्ण कामों के बारे में तत्काल निर्णय लेते हैं और मार्ग निकालते हैं। जिलाधिकारी कार्यालय के पास स्थित बंड पुलिस स्टेशन को स्थानांतरित करने को कहा था। वह आज तक नहीं हुआ। इस संदर्भ में मुख्यमंत्री से बात किया। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक रश्मि शुक्ला से बात की। इस बारे में मैने जब रश्मि शुक्ला से बात की तो उन्होंने कहा कि फाइल आगे भेज दी गई है। चहल मुझे पुन: इस संदर्भ में न कहना पड़े, ऐसी कड़ी चेतावनी अजीत पवार ने इस मौके पर दी।

अन्य समाचार