मुख्यपृष्ठटॉप समाचाररेसर्स ने हाई-वे बना डाले खूनी महामार्ग... हजारों बाइकर्स की जान खतरे...

रेसर्स ने हाई-वे बना डाले खूनी महामार्ग… हजारों बाइकर्स की जान खतरे में!.. पोर्श-बीएमडब्ल्यू भिड़ंत के बाद भी प्रशासन सुस्त

सामना संवाददाता / मुंबई

मुंबई की वेस्टर्न एक्सप्रेस हाइवे पर लफंगों द्वारा देर रात को रेस लगाई जाती है। इस दौरान हादसे होते हैं और लोगों की जानें भी जाती हैं। इस कारण इन रेसर्स ने हाई-वे को खूनी महामार्ग बना डाला है। ज्यादातर ये रेसर बाइक पर रेस लगाते हैं। मगर अब इसमें महंगी कार वाले भी शामिल हो गए हैं। ऐसे में यहां से गुजरने वाले हजारों बाइकर्स की जान खतरे में रहती है। आधी रात को ऐसे ही रेस में बीएमडब्ल्यू और पोर्श कार के बीच रेस हो रही थी। इसी दौरान पोर्श चालक का कार से नियंत्रण छूटा और वह डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही बीएमडब्ल्यू ने पोर्श को जोरदार टक्कर मार दी। १५० किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ रही इन कारों के बीच टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पोर्श चकनाचूर हो गई। इसके बाद भी रेसर्स के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने में प्रशासन सुस्त नजर आया।

पोर्श में सवार थे तीन दोस्त
यह घटना देर रात करीब २ बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लग्जरी कार पहचान में नहीं आ रही थी। हादसे के वक्त तीन दोस्त इस महंगी लग्जरी पोर्श कार से जा रहे थे। कार की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि वह कंट्रोल नहीं हो पाई। पुलिस के मुताबिक, यह ड्रंक एंड ड्राइव का मामला नहीं है।
चालक बुरी तरह जख्मी
तेज गति से डिवाइडर से टकराने से पोर्श चकनाचूर हो गई, जिससे कार चालक बुरी तरह जख्मी हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय पोर्श कार और बीएमडब्ल्यू के बीच रेस लगी हुई थी।

एयर बैग ने बचाई चालक की जान!..रेस लगाते वक्त कार हुई थी चकनाचूर
इस हादसे में तेज रफ्तार पोर्श कार डिवाइडर से टकरा कर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान ड्राइवर को गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पोर्श और बीएमडब्ल्यू कार रेस लगा रही थीं, तभी अचानक पोर्श बेकाबू हो गई और डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पीछे से आ रही बीएमडब्ल्यू ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।’ हालांकि, सुरक्षा एयरबैग खुल गए थे, फिर भी ड्राइवर को गंभीर चोटें आर्इं। राहगीरों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दुर्घटना वास्तव में तेज रफ्तार रेस का परिणाम थी या इसके पीछे कोई और कारण था।

अन्य समाचार