मुख्यपृष्ठनए समाचारपुलिस स्टेशन पहुंची डुप्लीकेट मतदाताओं की लड़ाई...धार्मिक रंग देने की भाजपा की...

पुलिस स्टेशन पहुंची डुप्लीकेट मतदाताओं की लड़ाई…धार्मिक रंग देने की भाजपा की साजिश

– नितिन राऊत ने शेलार के खिलाफ की शिकायत

सामना संवाददाता / मुंबई

महाराष्ट्र की राजनीति में डुप्लीकेट वोटर का मुद्दा अब गरमाता जा रहा है। महाविकास आघाड़ी की ओर से शुरू की गई इस लड़ाई से भाजपा की पोल खुलने लगी है। इसीलिए इस मुद्दे से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा अलग-अलग पैंतरे अपना रही है। वोट चोरी के मुद्दे पर खुद की फजीहत होते देख भाजपा ने इसे अब धार्मिक रंग देने की साजिश की है, जिसके चलते अब यह लड़ाई पुलिस स्टेशन पहुंच गई है। भाजपा नेता आशीष शेलार ने इसे धार्मिक रूप से जोड़कर मविआ के नेताओं पर आरोप लगाया है, जिसे लेकर मविआ नेताओं ने कड़ी नाराजगी जताते हुए शेलार के खिलाफ पुलिस स्टेशन में शिकायत की है।
मुंबई में विपक्ष के सत्य का मोर्चा में मविआ नेताओं ने डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची पढ़कर सुनाई थी। इसके बाद चुनाव आयोग भी सफाई देने में लगा रहा, लेकिन आयोग कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। आयोग ने इस मुद्दे पर लीपापोती करने का काम किया। इसके बाद चुनाव आयोग के बचाव में उतरे भाजपा नेता आशीष शेलार ने कहा कि उक्त मोर्चे में हिंदू-मुस्लिम मतदाताओं के बीच पक्षपात किया गया। शेलार के इस बयान के बाद कांग्रेस आग बबूला हो गई।

पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री नितिन राऊत ने नागपुर के जरीपटका पुलिस थाने में शेलार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। राऊत का आरोप है कि बीजेपी नेता जानबूझकर धार्मिक ध्रुवीकरण करने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पहले ही वोट चोरी का मुद्दा उठा चुके हैं और भाजपा पर महाराष्ट्र विधानसभा में चुराने का आरोप लगा चुके हैं। अब इस विवाद में मविआ के दल मैदान में उतर चुके हैं। कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि वह अब मतदाता सूचिओं में भी हिंदू-मुस्लिम का भेदभाव कर रही है।

अन्य समाचार

मन पाखी