-मुंबई में हुआ जोरदार स्वागत!
सामना संवाददाता / मुंबई
चेंबूर स्थित लोकमान्य शिक्षण संस्थान द्वारा संचालित ”14वीं एशियन एक्रोबैटिक जिमनास्टिक चैंपियनशिप” में श्री नारायणराव आचार्य विद्या निकेतन स्कूल ऑफ शरद आचार्य क्रीड़ा केंद्र के 19 खिलाड़ियों ने भारत का प्रतिनिधित्व किया और 3 स्वर्ण, 7 रजत और 5 कांस्य पदक जीतकर पूरी दुनिया में देश का नाम रोशन किया।
मुख्य प्रशिक्षक महेंद्र चेंबूरकर और लोकमान्य शिक्षण संस्थान के ट्रस्टी सुबोध आचार्य के मार्गदर्शन में स्कूल के खिलाड़ियों ने मुंबई स्थित श्री नारायणराव आचार्य विद्यानिकेतन की पहल पर 31 अक्टूबर से 2 नवंबर तक गोवा में आयोजित 14वीं एशियन एक्रोबैटिक जिमनास्टिक चैंपियनशिप में सर्वाधिक पदक जीते हैं। चेंबूर के इन छात्रों द्वारा एशियन एक्रोबैटिक जिमनास्टिक चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन और सफलतापूर्वक पदक जीतने के बाद समाजसेवी जयप्रकाश अग्रवाल की तरफ से स्कूल परिसर में सभी छात्रों का जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इस दौरान मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित स्थानीय विधायक तुकाराम काते ने आतिशबाजी के बीच तिरंगा झंडा दिखाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। संस्था की ओर से सभी खिलाड़ियों को पुष्पगुच्छ देकर उनके सफल प्रदर्शन की सराहना की गई। इस अवसर पर विधायक तुकाराम काते ने कहा कि जिस तरह भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भारत का नाम रोशन किया है, उसी तरह चेंबूर के इन छात्र-छात्राओं ने ’14वीं एशियन एक्रोबैटिक जिमनास्टिक चैंपियनशिप’ में ढेरों पदक जीते और कठिन परिस्थितियों में उन्होंने खेलों में स्कूल का नाम नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया है। इस दौरान काते ने सभी छात्र-छात्राओं को आश्वासन दिया कि वे चेंबूर की कंपनियों से उन्हें मदद दिलाने का प्रयास भी करेंगे।
वहीं, कार्यक्रम के आयोजक जयप्रकाश अग्रवाल ने खिलाड़ियों की सफलता के लिए सभी प्रशिक्षकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय कोच राहुल ससाणे, अंतर्राष्ट्रीय कोच एवं अंपायर योगेश पवार, अंतर्राष्ट्रीय कोच एवं जिला खेल पुरस्कार विजेता सुनील रणपिसे और राष्ट्रीय कोच रमेश सकट का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। पदक विजेता अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी रेवंत रणपिसे, श्लोक पडवल, महादेव गावडे, श्लोक ठोंबरे, काव्या कुंडे, हर्ष अग्रवाल, सान्वी शिंदे, आदित्य दिघे, दीक्षांत ससाणे, अथर्व जानस्कर, नमो उनियाल, अश्विन गोसावी, रुणल रणपिसे, त्रुतुजा जगदाले, आदित्य खास, आकाश गोसावी, वैदेही मयेकर, अर्ना पाटिल, आचल गुरुव को सम्मानित किया गया।
