अनिल मिश्र / पटना
बिहार में विधानसभा चुनाव के तहत पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। शाम छह बजे तक 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर 64.46फीसदी मतदान हुआ है।आज हुए पहले चरण के मतदान में कुल 1,314 उम्मीदवार मैदान में हैं। इनमें 1,192 पुरुष और 122 महिलाएं शामिल हैं। पहले चरण की 102 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं, जबकि 19 सीटें अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। इस चरण में कुल 3 करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए आयोग ने साधन उपलब्ध कराए थे। इनमें 1 करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, 1 करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिलाएं, और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल थे।
बिहार प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। सख्त सुरक्षा इंतजामों के बीच पहले चरण की वोटिंग सुबह 7 बजे से शुरू होकर और शाम 6 बजे हुई। इस दौरान 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदाता अपने पसंदीदा उम्मीदवार को चुनने के लिए घरों से निकले। 122 महिला उम्मीदवार समेत कुल 1,314 प्रत्याशियों का भविष्य आज ईवीएम में कैद हो गया। शाम छह बजे के आंकड़ों के अनुसार बिहार में कुल 64.46 प्रतिशत से ज्यादा मतदान हुआ है। इस बीच चुनाव आयोग ने बताया कि करीब तीस वर्षों में पहली बार मतदान का यह आंकड़ा 60 प्रतिशत के पार गया है। पिछले आंकड़ों पर गौर करें तो इससे पहले 1990, 1995 और 2000 के चुनाव में यह आंकड़ा 60 प्रतिशत से ऊपर गया था। अगर 2020 के मतदान से अगर तुलना करें तो बिहार में इस बार बंपर वोटिंग के संकेत मिल रहे हैं।
वहीं बेगूसराय में सबसे ज्यादा 67.32% और शेखपुरा में सबसे कम 52.36% वोटिंग हुई। हालांकि, अगर पहले चरण के मंत्रियों की सीटों पर बात की जाए तो सबसे ज्यादा कल्याणपुर में 71. 62% और सबसे कम बांकीपुर 40.00% में मतदान हुआ। जबकि लखीसराय में भाजपा प्रत्याशी एवं उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा के काफिले पर हमला हुआ है। दरभंगा के घनश्यामपुर में बोगस वोटिंग करते दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं जाले में बूथ के बाहर दो पोलिंग एजेंट भिड़ गए, पथराव भी हुआ। वोटिंग को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। आयोग की ओर से संवेदनशील माने गए बूथों पर वेबकास्टिंग से नजर रखी गई। जबकि मुंगेर, सिमरी बख्तियारपुर, महिषी, तारापुर और जमालपुर जैसे इलाकों में शाम 5 बजे तक ही मतदान हुआ।
