मुख्यपृष्ठअपराधमानसरोवर पार्क थाना की क्रैक टीम ने पकड़ा कुख्यात बदमाश ...36 घंटों...

मानसरोवर पार्क थाना की क्रैक टीम ने पकड़ा कुख्यात बदमाश …36 घंटों के भीतर सुलझाया मामला

योगेश कुमार सोनी (पूर्वी दिल्ली):

दिल्ली। बीती 15 जून को एक घर में रात के समय हुई चोरी की सूचना संबंधी पीसीआर कॉल थाना एमएस पार्क में प्राप्त हुई। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ई-एफआईआर संख्या 80049624/26 दिनांक 15 जून को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305 एवं 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले के शीघ्र खुलासे के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई सुनील कुमार, एचसी अनुज, एचसी प्रदीप, एचसी दीपक, एचसी अभय पंवार, एचसी जितेंद्र तथा एएसआई राहुल (टीएसटी) शामिल थे। यह पूरी कार्रवाई थाना मानसरोवर पार्क के प्रभारी राजेश कुमार मिश्रा और एसीपी मुकेश कुमार पुरी की कड़ी निगरानी तथा डीसीपी शाहदरा के मार्गदर्शन में की गई।

तकनीकी निगरानी और मानव खुफिया जानकारी के आधार पर संदिग्ध की पहचान रफीकुल उर्फ भोख्ती उर्फ मोग्ती उर्फ नाटा के रूप में हुई। आगे की जांच में पता चला कि वह एक आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 32 वर्षीय रफीकुल उर्फ भोख्ती उर्फ मोग्ती उर्फ नाटा, निवासी न्यू सीमापुरी, दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसके घर की तलाशी ली गई, जहां से इस मामले से संबंधित चोरी किया गया लैपटॉप बरामद किया गया।

गहन पूछताछ के दौरान आरोपी ने इस चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उसने बताया कि वह नशीले पदार्थों का आदी है और अपनी लत तथा व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने के लिए चोरी और लूटपाट जैसी वारदातों को अंजाम देता था।

पुलिस अब आरोपी की निशानदेही पर अन्य चोरी की संपत्ति बरामद करने और इसी प्रकार के अन्य मामलों में उसकी संलिप्तता का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

इस संबंध में डीसीपी (शाहदरा) आर.पी. मीणा ने कहा, “ऐसे अपराधी बेहद शातिर होते हैं, लेकिन हमारी विशेष टीमें हर बार ऐसे शातिरों पर विजय प्राप्त करती हैं। एसीपी सीमापुरी और थाना मानसरोवर पार्क की ऑपरेशन टीम ने सूझबूझ और तत्परता का परिचय देते हुए इस शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया। पूरे प्रकरण पर मेरी लगातार नजर बनी हुई थी।”

— आर.पी. मीणा
डीसीपी, शाहदरा

अन्य समाचार