-स्वार्थ की इंतेहा..रिश्ते, संबंध और इंसानियत पर हावी ‘पैसे की हवस’
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
भौतिक युग में स्वार्थ की इंतेहा और पैसे की हवस सिर चढ़कर नंगा नाच रही है। रिश्ते और संबंध दरकिनार होते जा रहे हैं। इंसानियत का खून हो रहा है। यूपी में अवध क्षेत्र के सुल्तानपुर जिले का ऐसा ही एक प्रकरण है। पैसे की लालच में एक युवक ने दोस्तों को साथ लेकर अपने सगे बहनोई (जीजा) का गला घोंटकर कत्ल कर डाला। शनिवार को सुल्तानपुर पुलिस ने हत्यारोपी साले को वारदात में उसके साथ रहे साथियों के संग गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस कप्तान चारु निगम ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्रातंर्गत लोलेपुर चौहानी में गत तीन अगस्त की रात कब्रिस्तान के पास जलनिगम के तालाब में एक युवक का शव मिला था, जिसकी शिनाख्त मो.शाकिब (२५) के रूप में हुई थी। बचपन से ही वो अपने ननिहाल लोलेपुर चौहानी में रहता था। बताया जाता है कि दो अगस्त की रात वह किसी काम से घर से बाहर निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों ने तलाश शुरू की तो अगले दिन घर से कुछ दूर स्थित कब्रिस्तान के पास तालाब के किनारे उसका शव मिला। मृत युवक के पिता सहबान की तहरीर पर कोतवाली नगर में अज्ञात लोगों पर पुलिस ने हत्या कर शव फेंकने के आरोप में केस दर्ज पड़ताल शुरू की। एसओजी व नगर कोतवाली सहित पुलिस की चार टीमें गठित की गईं। पुलिस को जांच में पता चला कि शाकिब को उसकी नानी से पक्का मकान और हाईवे के किनारे पांच बिस्वा जमीन मिली थी। पुलिस कप्तान ने बताया कि शाकिब ने इस जमीन को ४८ लाख रुपये में बेचने का इकरारनामा कर लिया था, जिसकी एवज में शाकिब को दो लाख रुपये एडवांस भी मिल चुके थे। शेष रकम रजिस्ट्री बैनामा के बाद मिलनी थी। इसके लिए शाकिब ने नया बैंक खाता खुलवा एक रिश्तेदार को खाते में नामित भी कर दिया था। जब X भनक शाकिब की पत्नी के भाई को हुई तो वो विचलित हो उठा। उसे आशंका थी कि जमीन की रकम शाकिब अपनी पत्नी को देने के बजाय शराब और अन्य कामों में खर्च कर देगा।पुलिस के अनुसार, इसी के बाद मृतक के साले सलमानुल हक उर्फ सलमान और उसके साथियों ने शाकिब को रास्ते से हटाने की साज़िश रच डाली। योजना के तहत सलमान अहमद उसे अपने साथ गांव से बाहर लेकर गया। जहां पहले से मो. हुसैन, मो. जीशान और सलमानुल हक आदि मौजूद थे। सभी ने उसे शराब पिलाई और जब वो नशे में धुत हो गया तो दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी शव को पास के तालाब में फेंक दिया। इधर पुलिस टीम ८ अगस्त को आरोपियों की खोज में थी। शहर कोतवाल सुरेश नारायण मिश्र पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान चौहानी से बाईपास जाने वाली सड़क पर विनोवापुरी के सामने एक बाग में उनके होने की भनक पाकर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस देखते ही चारों आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन चारों दबोच लिए गए। पुलिस का दावा है कि, आरोपियों ने जुर्म स्वीकार कर लिया है।
