मुंबईकरों को करना होगा २०२७ तक इंतजार
जेदवी / मुंबई
मुंबई के दादर में स्थित सौ साल पुराने ब्रिटिशकालीन तिलक ब्रिज की जगह ३७५ करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक ६ लेन वाले ट्विन केबल-स्टे ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है। हालांकि, इस महत्वाकांक्षी परियोजना का पहला चरण अब मार्च २०२७ तक ही शुरू हो सकेगा। पहले इसे वर्ष २०२६ के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। ऐसे में वर्षों से ट्रैफिक समस्या झेल रहे मुंबईकरों को राहत के लिए और इंतजार करना पड़ेगा। प्रशासन के अनुसार, २०१८-१९ में लोअर परेल के डेलिसल रोड ब्रिज को असुरक्षित घोषित कर ध्वस्त कर दिया गया था। यदि उसी समय तिलक ब्रिज को भी बंद किया जाता तो मध्य मुंबई की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती। दादर का तिलक ब्रिज परेल, लोअर परेल, माहिम और ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे को जोड़नेवाली महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके अलावा सायन और एलफिंस्टन जैसे अन्य पुलों पर यातायात प्रतिबंधों के कारण अतिरिक्त दबाव भी इसी पुल पर डाला गया। यातायात को प्रभावित किए बिना निर्माण कार्य पूरा करने के लिए प्रशासन ने पुराने पुल के समानांतर नया केबल-स्टे ब्रिज बनाने की योजना अपनाई।
