मुख्यपृष्ठसमाचार‘छात्रों की गूंज’ में हिस्सा लेने प्रयागराज जाएगा सुल्तानपुर के कांग्रेसी छात्रों...

‘छात्रों की गूंज’ में हिस्सा लेने प्रयागराज जाएगा सुल्तानपुर के कांग्रेसी छात्रों का हुजूम

-राहुल गांधी करेंगे 8 अगस्त को प्रयागराज में छात्रों को संबोधित

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में 8 अगस्त को प्रयागराज स्थित केपी ग्राउंड में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में भाग लेने के लिए अवध के सुल्तानपुर जिले से कांग्रेस कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, छात्रों एवं युवाओं का एक बड़ा हुजूम शनिवार को प्रयागराज के लिए रवाना होगा।
जिला कांग्रेस कमेटी, सुल्तानपुर ने कार्यक्रम को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिले भर में कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने बताया कि जनपद के सभी ब्लॉक, नगर एवं न्याय पंचायत स्तर पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संपर्क कर अधिक से अधिक छात्रों और युवाओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया गया है। उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में सुल्तानपुर के छात्र और युवा प्रयागराज पहुंचकर कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों और युवाओं की समस्याओं, शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं, भर्ती प्रक्रिया तथा उनके भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाना है। राहुल गांधी सीधे छात्रों और युवाओं से संवाद करेंगे तथा उनके सुझावों और समस्याओं को सुनेंगे।
अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि सोशल मीडिया पर कार्यक्रम निरस्त होने की जो भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं, वे पूरी तरह असत्य और अफवाह हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, छात्र-युवाओं एवं आमजन से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों पर बिल्कुल ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम अपने पूर्व निर्धारित स्थान, तिथि और समय के अनुसार 8 अगस्त को सायं 5 बजे प्रयागराज में ही आयोजित होगा।
उन्होंने जनपद के सभी कांग्रेस पदाधिकारियों, ब्लॉक अध्यक्षों, फ्रंटल संगठनों, छात्र संगठनों एवं युवा साथियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सुल्तानपुर से पहुंचने वाला कांग्रेसियों का जत्था कार्यक्रम की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

अन्य समाचार