मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिमिमोह चक्रवर्ती की फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ का पोस्टर और टीजर लॉन्च

मिमोह चक्रवर्ती की फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ का पोस्टर और टीजर लॉन्च

सोम प्रकाश / मुंबई

आने वाली फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ का पोस्टर और टीजर शुक्रवार, 7 अगस्त 2026 को मुंबई स्थित रेड बल्ब स्टूडियो में लॉन्च किया गया। इस अवसर पर फिल्म की पूरी टीम ने मीडिया से बातचीत की। कार्यक्रम में मिमोह चक्रवर्ती, विशाल विशेष, फिल्म की नायिका ऋषिका, वर्षा उसगांवकर, शक्ति कपूर, अली खान, राजू खेर, कनिका गाबा, अरुण बक्शी, शंकर मिश्रा, रेणुका शंकर और पल्लवी सहित कई कलाकार मौजूद रहे। फिल्म का निर्माण और निर्देशन शारदा त्रिपाठी ने किया है, जबकि इसका वर्ल्डवाइड वितरण प्रिंस मूवीज के राकेश सभरवाल कर रहे हैं।
बॉलीवुड की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘पब्लिक का हीरो’ इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। फिल्म में मिथुन चक्रवर्ती के पुत्र मिमोह चक्रवर्ती और विशाल विशेष मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। लॉन्च के दौरान प्रदर्शित किए गए टीजर को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। अब दर्शकों को फिल्म की सिनेमाघरों में रिलीज का इंतजार है।
मध्य प्रदेश के मंदसौर की रहने वाली शारदा त्रिपाठी ने विज्ञापन और मनोरंजन जगत में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब बतौर निर्माता-निर्देशक उनकी यह फिल्म बड़े पर्दे पर रिलीज के लिए तैयार है।
फिल्म में पहली बार बिग बॉस 16 की पूर्व प्रतिभागी और मशहूर डांसर गोरी नागोरी ने एक आइटम गीत किया है, जो फिल्म का खास आकर्षण माना जा रहा है।
मानवीय रिश्तों के ताने-बाने से बुनी और सच्ची घटनाओं से प्रेरित इस फिल्म की कहानी एक जांबाज पुलिस अधिकारी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हर परिस्थिति में अपने कर्तव्य का पूरी निष्ठा से पालन करता है।
फिल्म में 80 से अधिक कलाकारों ने अभिनय किया है। इसके गीतों को सुदेश भोसले, साधना सरगम, शान, अल्तमश फरीदी, ऋतु पाठक और शाहिद माल्या जैसे प्रसिद्ध गायकों ने अपनी आवाज दी है।
टीजर लॉन्च के दौरान पूरी टीम फिल्म को लेकर उत्साहित नजर आई। उनका मानना है कि फिल्म की दमदार कहानी दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल होगी। फिल्म की सफलता का फैसला तो रिलीज के बाद दर्शक करेंगे, लेकिन फिलहाल इसका टीजर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

अन्य समाचार