मुख्यपृष्ठनए समाचारभड़के आदित्य ठाकरे... मुख्यमंत्री मुंबई की नीलामी कर रहे हैं?

भड़के आदित्य ठाकरे… मुख्यमंत्री मुंबई की नीलामी कर रहे हैं?

-बोले, मुंबई बेचने निकली महायुति सरकार
-मनपा की जमीन कब्जाने के खिलाफ शिवसेना निकालेगी विरोध मोर्चा 

आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि सरकार अपने लोगों पर फिजूलखर्ची कर रही है, बेस्ट की बस सेवाएं बंद कर रही है, अडानी को जमीनें दे रही है और सार्वजनिक स्थानों पर कब्जा कराया जा रहा है। यदि यही स्थिति रही तो कल आजाद मैदान, ओवल मैदान और शिवतीर्थ जैसे सार्वजनिक मैदानों को भी बचाना मुश्किल हो जाएगा।

सामना संवाददाता / मुंबई
विधायकों की खरीद-फरोख्त की संस्कृति भाजपा की हो सकती है, लेकिन अब क्या मुंबई की सार्वजनिक जमीनों की भी नीलामी की जाएगी? क्या मुंबई को महायुति सरकार बेचने निकली है? ऐसे जोरदार सवालों के साथ शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने महायुति सरकार और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया है कि भारतीय जनता पार्टी मुंबई के खुले मैदानों और सार्वजनिक स्थानों पर एक-एक कर कब्जा करने की साजिश रच रही है। उन्होंने इस मुद्दे के विरोध में अगले सप्ताह शिवसेना की ओर से महामोर्चा निकालने की घोषणा की।
‘मातोश्री’ में आयोजित पत्रकार वार्ता में आदित्य ठाकरे ने कहा कि महापौर बंगले पर होनेवाली कथित फिजूलखर्ची के खिलाफ शिवसेना ने आवाज उठाई, जिसके बाद मनपा ने उस खर्च पर रोक लगा दी। इस निर्णय का स्वागत करते हुए उन्होंने भाजपा पर मुंबई के खुले मैदानों को निजी संस्थाओं और अपने करीबी लोगों को सौंपने का आरोप लगाया।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि मुख्यमंत्री की नीतियों से ऐसा प्रतीत होता है कि मुंबई की खुली जमीनें भाजपा नेताओं और उनसे जुड़े लोगों को सौंपने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शिवसेना इसका पुरजोर विरोध करेगी। भाजपा विधायक द्वारा यह दावा किए जाने पर कि संबंधित जमीनें बोली प्रक्रिया के माध्यम से प्राप्त की गई हैं, आदित्य ठाकरे ने सवाल उठाया कि क्या मुख्यमंत्री ने मुंबई की जमीनों की नीलामी शुरू कर दी है? क्या मुंबई कोई घोड़ेबाजार है?
अपने पसंदीदा को दे रही जमीन
उन्होंने कहा कि नेविल फुटबॉल टर्फ पर प्रतिदिन हजारों बच्चे खेलते हैं, लेकिन भाजपा की योजना इस मैदान को अपने पसंदीदा ठेकेदार को देकर वहां कन्वेंशन सेंटर बनाने और उसे भाजपा के किसी नेता के नाम पर करने की है। आदित्य ठाकरे ने कहा कि जब मनपा में शिवसेना का प्रशासन था, तब नियम था कि मुंबई के मैदान और उद्यान सुबह ५ बजे से ९ बजे तक आम नागरिकों के लिए खुले रहेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब कुछ स्कूलों ने मनपा से मैदान लेकर वहां कृत्रिम टर्फ बना दिए हैं और आम लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी है।
महामोर्चे की तारीख जल्द घोषित होगी
आदित्य ठाकरे ने कहा कि सरकार द्वारा सार्वजनिक जमीनें निजी संस्थाओं को सौंपे जाने के विरोध में शिवसेना अगले सप्ताह महामोर्चा निकालेगी। इसकी तिथि और विस्तृत कार्यक्रम की घोषणा शीघ्र की जाएगी।

अन्य समाचार