मुख्यपृष्ठनए समाचारइंस्टाग्राम की दोस्ती का खौफनाक अंजाम

इंस्टाग्राम की दोस्ती का खौफनाक अंजाम

-१२वीं की छात्रा को फ्लैट में बांधा, चाकू से किए वार

-फर्जी नाम से नाबालिग को जाल में फंसाने का आरोप

-२० घंटे की तलाश के बाद नागपुर पुलिस ने छुड़ाया

-ठाणे का बीबीए छात्र गिरफ्तार

सामना संवाददाता / नागपुर
सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती एक नाबालिग छात्रा के लिए भयावह अनुभव में बदल गई। नागपुर पुलिस ने १२वीं कक्षा की एक छात्रा के कथित अपहरण, यौन उत्पीड़न और चाकू से हमला करने के आरोप में ठाणे निवासी २० वर्षीय बीबीए छात्र को गिरफ्तार किया है। करीब २० घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद पुलिस ने छात्रा को दक्षिण नागपुर के दिघोरी इलाके में एक किराए के फ्लैट से बंधी हुई अवस्था में मुक्त कराया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान निर्मय माधव पाखरे के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने मई २०२५ में ‘आकाश मेहरा’ नाम से फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल बनाकर छात्रा से संपर्क किया था। उस समय छात्रा की उम्र १६ वर्ष थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने कथित रूप से छात्रा पर संबंध बनाए रखने का दबाव डालना शुरू कर दिया। मना करने पर उसकी तस्वीरें इंटरनेट पर प्रसारित करने की धमकी देने का भी आरोप है।
रविवार को छात्रा घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटी। लगभग २४ घंटे तक उसका मोबाइल फोन भी बंद रहा। परेशान परिजनों ने हुडकेश्वर पुलिस थाने पहुंचकर अपहरण की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा की इंस्टाग्राम बातचीत, मोबाइल से जुड़े डिजिटल प्रमाण और अन्य तकनीकी जानकारियों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद नागपुर पुलिस ने ठाणे पुलिस की मदद से आरोपी के परिवार से संपर्क किया। पुलिस के कहने पर आरोपी की मां ने उसे फोन किया। जैसे ही आरोपी ने कॉल उठाया, साइबर विशेषज्ञों ने उसकी लोकेशन दिघोरी क्षेत्र में ट्रेस कर ली।
फ्लैट में बंधी मिली छात्रा
लोकेशन मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल किराए के फ्लैट पर पहुंची। वहां छात्रा रस्सियों से बंधी हुई मिली, जबकि आरोपी उसके पास बेल्ट लेकर खड़ा था। पुलिस ने कमरे में बिस्तर के पास रखी मेज से एक चाकू भी बरामद किया। आशंका है कि इसी चाकू से छात्रा पर कई वार किए गए थे।
जांचकर्ताओं के मुताबिक, आरोपी ने दिघोरी में फ्लैट किराए पर लिया था और घटना से पहले भी कम से कम एक बार छात्रा से वहां मिला था। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी ने फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल के जरिए किसी अन्य लड़की को भी निशाना तो नहीं बनाया। आरोपी के इंस्टाग्राम खाते, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल उपकरणों की जांच की जा रही है।

अन्य समाचार