सामना संवाददाता / मुंबई
कला की राजधानी मानी जाने वाली मुंबई के प्रतिष्ठित आर्टिस्ट सेंटर में आजीवन सदस्य कलाकारों की बहुप्रतीक्षित वार्षिक प्रदर्शनी ‘मानसून शो’ का शानदार शुभारंभ हुआ। देश के नामचीन कलाकारों, कला समीक्षकों और कला संस्थाओं के प्रमुखों की मौजूदगी में आयोजित यह समारोह कला जगत के लिए एक यादगार अवसर साबित हुआ।
प्रदर्शनी का उद्घाटन नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (एनजीएमए), मुंबई की निदेशक निधि चौधरी के हाथों हुआ। इस अवसर पर जहांगीर आर्ट गैलरी की सचिव के. जी. मेनन, बॉम्बे आर्ट सोसायटी के अध्यक्ष राजेंद्र पाटील, काला घोड़ा फेस्टिवल की अध्यक्ष ब्रिंदा मिलर, महाराष्ट्र के कला संचालक प्रो. किशोर इंगळे, सर जे.जे. स्कूल ऑफ डिनोवो यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. चटर्जी, सर जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट के डीन दीपक सिनकर तथा टाटा समूह के पदाधिकारियों सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी में 45 आजीवन सदस्य कलाकारों की विविध शैलियों की कलाकृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इसमें वरिष्ठ, प्रतिष्ठित, व्यावसायिक और युवा चित्रकारों तथा शिल्पकारों की रचनाएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
इस अवसर पर वर्ष 1947 में कलाकारों द्वारा कलाकारों के लिए स्थापित आर्टिस्ट सेंटर की गौरवशाली परंपरा का स्मरण किया गया। साथ ही प्रोग्रेसिव आर्ट ग्रुप के संस्थापक चित्रकार कृष्णाजी आरा को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। एनजीएमए की निदेशक निधि चौधरी ने जानकारी दी कि कृष्णाजी आरा की रेट्रोस्पेक्टिव प्रदर्शनी आयोजित करने का प्रस्ताव प्रक्रिया में है।
अपने संबोधन में निधि चौधरी ने कला जगत में सहयोग, संवाद और नए उपक्रमों की आवश्यकता पर जोर दिया। वहीं, आर्टिस्ट सेंटर के अध्यक्ष प्रकाश बाल जोशी ने घोषणा की कि संस्था की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में अगले वर्ष जहांगीर आर्ट गैलरी में भव्य हीरक महोत्सव प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस पर के. जी. मेनन ने जहांगीर आर्ट गैलरी की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने मुंबई स्कूल ऑफ आर्ट की समृद्ध परंपरा और मुंबई के कला जगत के योगदान की सराहना की। प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए समिति के सभी सदस्यों की प्रशंसा करते हुए राजेंद्र पाटील और प्रो. किशोर इंगळे ने इसे कला जगत के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
प्रदर्शनी के पहले ही दिन बड़ी संख्या में प्रतिष्ठित कलाकारों, कला प्रेमियों, विद्यार्थियों और युवा चित्रकारों ने पहुंचकर उत्साहपूर्ण प्रतिक्रिया दी।
‘मानसून शो’ प्रदर्शनी 17 अगस्त तक काला घोड़ा स्थित आर्मी-नेवी बिल्डिंग में आर्टिस्ट सेंटर गैलरी में प्रतिदिन दर्शकों के लिए खुली रहेगी। कला प्रेमियों के लिए यह प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
