-शिंदे गुट और भाजपा फिर आमने-सामने
सुरेश गोलानी / मुंबई
मानसून के आगमन में हो रही देरी के कारण भीषण जल संकट की मार झेल रहे महाराष्ट्र में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का लोगों की समस्याओं के प्रति असंवेदनशीलता का एक और मामला सामने आया है। एक तरफ मीरा-भायंदर शहर की जनता बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रही है तो दूसरी तरफ भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता के मीरा रोड के कनकिया इलाके में स्थित पारिवारिक मालकी वाले सेवन इलेवन ७ /११ क्लब एंड होटेल्स में २७ जून शाम चार बजे ‘स्प्लैश अफेयर’ नामक भव्य पूल पार्टी का आयोजन करके एक प्रकार से नागरिकों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। आयोजकों द्वारा ‘स्प्लैश अफेयर’ के आयोजन की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जमकर विज्ञापनबाजी की जा रही है। एंट्री टिकट का दाम ९९९ रुपए प्रति व्यक्ति रखा गया है। शिंदे गुट के मंत्री प्रताप सरनाईक ने भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता को लालची तानाशाह की उपाधि देते हुए कहा कि पूरे शहर में पानी की भारी किल्लत के बावजूद विधायक के क्लब में हजारों लीटर पानी बर्बाद करके इस पूल पार्टी का आयोजन करना एक अमानवीय और इंसानियत को शर्मसार और कलंकित कर देने वाली घिनौनी करतूत से कम नहीं है। भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता ने यह दावा किया है पानी कि किल्लत को देखते हुए पूल पार्टी का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया है और अब सरनाईक इस पर सिर्फ ओच्छी राजनीति कर रहें है। शिंदे गुट ने भाजपा विधायक के क्लब में २७ जून को होने वाली इस पूल पार्टी के आयोजन में बाधा पहुंचाने की धमकी देते हुए मनपा आयुक्त राधा बिनोद शर्मा को हजारों लीटर पानी के अपव्यय रोकने और संबंधित आयोजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पूल पार्टी के आयोजन से जनता में भी भारी रोष व्याप्त है।
‘लालची तानाशाह’ बताकर शिंदे गुट का हमला
मंत्री प्रताप सरनाईक ने भाजपा विधायक नरेंद्र मेहता पर तीखा हमला बोलते हुए पूल पार्टी को अमानवीय और शर्मनाक बताया। शिंदे गुट ने चेतावनी दी है कि जल संकट के बीच होने वाले इस आयोजन को रोकने के लिए आंदोलन किया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
