सामना संवाददाता / पूर्वी दिल्ली
मुहर्रम के अवसर पर दिल्ली में लागू ड्राई डे के मद्देनज़र आबकारी विभाग को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि उत्तर-पूर्वी जिला के थाना सोनिया विहार क्षेत्र स्थित गांव सभापुर में भारी मात्रा में अवैध शराब का भंडारण किया गया है, जिसे उत्तर-पूर्वी दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में सप्लाई किए जाने की तैयारी है। प्राप्त सूचना के आधार पर 26 जून 2026 को आबकारी विभाग की टीम ने थाना सोनिया विहार (उत्तर-पूर्वी जिला) क्षेत्र में स्थित एक अवैध शराब के गोदाम पर छापेमारी कर लगभग ₹13.15 लाख मूल्य की अवैध शराब बरामद की। कार्रवाई के दौरान कुल 349 कार्टन अवैध शराब जब्त की गई, जिनमें 218 कार्टन संतरा देसी शराब, 50 कार्टन नाइट ब्लू शराब, 46 कार्टन किंग्स गोल्ड, 5 कार्टन ऑल सीज़न,30 कार्टन टुबॉर्ग बीयर शामिल हैं। बरामद सभी शराब पर “For Sale in Haryana Only” अंकित था, जिससे स्पष्ट है कि इसे हरियाणा से अवैध रूप से दिल्ली लाया गया था।बरामद अवैध शराब का अनुमानित मूल्य ₹13,15,500 है। मामले में दिल्ली आबकारी अधिनियम, 2009 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत थाना सोनिया विहार में विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।आबकारी विभाग ने अवैध शराब के कारोबारियों के विरुद्ध अपना अभियान और तेज कर दिया है। वर्ष 2026 के दौरान आबकारी अधिनियम के विभिन्न उल्लंघनों के संबंध में अब तक 747 व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं तथा 773 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसी अवधि में अवैध शराब की तस्करी में प्रयुक्त 220 वाहनों को जब्त किया गया है तथा लगभग ₹4 करोड़ मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
