-आदित्य ठाकरे का भाजपा पर हमला
-उन्होंने कहा कि देश में लोकतंत्र को किस तरह कुचला जा रहा है, यह जनता ने अपनी आंखों से देखा है। अब देश के नागरिक इस कथित दमनकारी शासन के खिलाफ न्याय की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में लोकतंत्र का पतन हो रहा है।
सामना संवाददाता / मुंबई
दिल्ली में संसद की ओर मार्च कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस की कार्रवाई को लेकर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो के बाद शिवसेना नेता, युवासेनाप्रमुख व विधायक आदित्य ठाकरे ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। आदित्य ठाकरे ने आरोप लगाया कि पेपर लीक की जिम्मेदारी तय करने की मांग कर रहे निहत्थे विद्यार्थियों की आवाज दबाने के लिए सत्ता द्वारा दमनकारी रवैया अपनाया गया।
राहुल गांधी द्वारा साझा किए गए वीडियो में कथित तौर पर सादे कपड़ों में एक व्यक्ति पुलिस की लाठी हाथ में लेकर प्रदर्शन कर रहे एक छात्र को सड़क पर गिराकर पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। उक्त वीडियो को लेकर आदित्य ठाकरे ने भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। आदित्य ठाकरे ने कहा कि भाजपा शासन में बेहद भयावह क्रूरता का दौर चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के ऐसे रवैये के कारण कभी दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में पहचाने जानेवाला भारत अब लोकतांत्रिक मूल्यों के क्षरण की ओर बढ़ रहा है। न्याय की मांग करने वाले विद्यार्थियों को इस तरह की क्रूरता से पीटा गया है। उसका पूरा विश्व गवाह है। आदित्य ठाकरे ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की।
