-अमित शाह पर कांग्रेस का हल्लाबोल
-राज्यसभा में एंग्री मोड में दिखे खड़गे
-`पुलिस की कार्रवाई में किसी छात्र को हाथों में चोट आई तो किसी को कानों में, किसी का पैर टूटा। इसका जिम्मेदार कौन है? होम मिनिस्टर पर निशाना साधते हुए खड़गे ने कहा, `इसका जिम्मेदार कौन है, इसका जिम्मेदार आप हैं, होम मिनिस्टर हैं।’
सामना संवाददाता / नई दिल्ली
एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान राज्यसभा में गुरुवार को जमकर राजनीतिक टकराव देखने को मिला। कांग्रेस अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने छात्रों पर कथित बल प्रयोग को लेकर गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा निशाना साधा और जवाबदेही की मांग की। राज्यसभा में खड़गे एंग्री मोड में नजर आए। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों पर पैलेट गन का इस्तेमाल किया गया। उनके हाथ पैर टूटे। इसका जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कहा कि इसका जिम्मेदार होम मिनिस्टर हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि बंद कमरे में आप मेरी बात सुन रहे होंगे, लेकिन छिपकर आप बहुत दिन रह नहीं सकते। एक दिन हम बाहर खींचकर लाएंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे के इस बयान पर राज्यसभा में जोरदार हंगामा हुआ। सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि सदन में अससंदीय शब्द का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। उन्होंने सभापति से इस शब्द को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की। इसके बाद खड़गे ने अपने बयान पर सफाई दी। खड़गे ने कहा कि वे कभी भी असंसदीय शब्द का इस्तेमाल नहीं करते हैं। हम का मतलब जनशक्ति है, विद्यार्थी हैं। मैंने ऐसा नहीं कहा कि हम जाकर खींचकर बाहर निकालेंगे। मेरा कहना है कि ये जनशक्ति है, जो आपको खींचकर लाएगी, कम से कम बाहर आकर सदन में तो बैठिए। बोलिए, सुनिए और जवाब दीजिए। खड़गे ने कहा कि दिल्ली के आंदोलन में १०० से अधिक छात्र घायल हुए। कई बच्चों को शरीर पर, आंख में पैलेट गन के छर्रे लगे हैं।
`गृहमंत्री जी, आपका मुंह क्यों नहीं खुल रहा?’
राज्यसभा में लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण संशोधन) विधेयक पर चर्चा के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, `पेपर चुराने वाले बचते रहे और मेहनत करने वाले पिटते रहे। यह वैâसा न्याय है?’ उन्होंने अमित शाह से कहा कि वे बोल नहीं रहे हैं तो क्या किसी ने उनके मुंह को सिल दिया क्या?
`युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश बंद करो’
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार से छात्र आंदोलनकारियों को परेशान करना बंद करने की मांग करते हुए कहा कि वे आतंकवादी नहीं, बल्कि देश का भविष्य हैं। युवाओं की आवाज दबाने की कोशिश बंद करो।
