-24 घंटे में खुला हत्या का रहस्य, दो आरोपी गिरफ्तार
द्रुप्ति झा / मुंबई
गोरेगांव के प्रेमनगर इलाके में 30 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई थी। गोरेगांव पुलिस ने 24 घंटे के भीतर इस रहस्यमयी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, 11 अगस्त की रात करीब साढ़े 11 बजे गोरेगांव पश्चिम के प्रेमनगर स्थित सलमान होटल के पास एक युवक के साथ मारपीट की सूचना मिली थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को जोगेश्वरी के अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान प्रेमनगर निवासी अजीज मोहम्मद अतीक खान के रूप में हुई। मृतक के भाई की शिकायत के बाद गोरेगांव पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि होटल का पूरा बिल चुकाने को लेकर अजीज का दो लोगों से विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद दोनों ने पहले अजीज को धमकाया और फिर हाथों से मारपीट करने के साथ लकड़ी के पट्टे से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए उत्तर परिमंडल-1 के अधिकारियों ने छह अलग-अलग जांच टीमें गठित की थीं। पुलिस के लगातार प्रयासों के बाद पूछताछ और जांच के आधार पर अजय मुन्नी उपाध्याय (39) और विकास देवराज पासवान (23) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस की जानकारी के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों की कथित भूमिका सामने आई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 23 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। हत्या के पीछे होटल के बिल को लेकर हुआ विवाद ही मुख्य वजह थी या इसके पीछे कोई और रहस्य छिपा है, इसकी जांच पुलिस कर रही है।
