मुख्यपृष्ठसमाचारमुंबईकर दूध के नाम पर पी रहे जहर!

मुंबईकर दूध के नाम पर पी रहे जहर!

-फिर एक बार दूध में मिलावट का काला धंधा बेनकाब
-अमूल और गोकुल के नाम पर जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़

द्रुप्ति झा / मुंबई

मुंबईकरों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों का दुस्साहस लगातार बढ़ता जा रहा है। शहर में नकली और दूषित खाद्य पदार्थों का काला कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले भी मुंबई के कई इलाकों से अमूल और गोकुल जैसे नामी ब्रांड के दूध में पानी और खतरनाक रसायनों की मिलावट करने वाले गिरोह पकड़े जा चुके हैं। इसके बावजूद इन अपराधियों के मन से कानून का खौफ पूरी तरह खत्म होता नजर आ रहा है। ताजा सनसनीखेज मामला कांदिवली पूर्व के समता नगर इलाके से सामने आया है, जहां पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में मिलावटी दूध और फर्जी पैकिंग सामग्री जब्त की है।
सुबह-सुबह पुलिस का धावा, रंगे हाथों पकड़ा गया आरोपी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समता नगर पुलिस थाने की अपराध प्रकटीकरण टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दामूनगर इलाके में एक घर के भीतर नामी कंपनियों के दूध में अशुद्ध पानी मिलाकर आम जनता को बेचा जा रहा है। सूचना मिलते ही 12 अगस्त 2026 की सुबह तड़के 5:50 बजे पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर छापा मारा। छापेमारी के दौरान आरोपी ईरन्ना लिंगय्या गोप नाबोई (48) को अमूल और गोकुल जैसी नामी कंपनियों के एक लीटर और आधा लीटर के दूध के पैकेटों में अशुद्ध पानी मिलाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
मिलावट का पूरा सेटअप और नकली थैलियां जब्त
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में आरोपी के पास से 74 लीटर मिलावटी दूध बरामद किया गया। मिलावट के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले सामान और उपकरण भी जब्त किए गए। इसके अलावा अमूल और गोकुल कंपनी के नाम वाली नकली खाली थैलियों का जखीरा भी बरामद हुआ।
जनता की सेहत से खिलवाड़ करने के आरोप में समता नगर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

अन्य समाचार