मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिटीएमयू में स्टुडेंट्स ने लिया राष्ट्र को नशामुक्त बनाने का संकल्प

टीएमयू में स्टुडेंट्स ने लिया राष्ट्र को नशामुक्त बनाने का संकल्प

नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्तिः युवा आइकन

सामना संवाददाता / मुरादाबाद

खास बातें
-युवा केवल रोजगार का आकांक्षी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का भी सहभागीः जिला युवा अधिकारी
-हार्टफुलनेस प्रशिक्षक प्रो. एनके सिंह ने बताए नशे के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्प्रभाव
-शिक्षा के संग-संग टीएमयू की राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व और सामाजिक परिवर्तन में भी अग्रणी भूमिकाः प्रो. एमपी सिंह

तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी, मुरादाबाद में ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ राष्ट्रीय अभियान के तहत स्टुडेंट्स और शिक्षकों ने नशामुक्त भारत शपथ एवं डिजिटल प्रतिज्ञा लेकर राष्ट्र को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया। नशामुक्ति पर आधारित प्रेरक वीडियो के प्रदर्शन के बाद युवा आइकन श्री विशाल त्रिवेदी ने सभी को राष्ट्रीय प्रतिज्ञा दिलाई। केन्द्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के माय भारत और राष्ट्रीय सेवा योजना-एनएसएस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में पूरा सभागार ‘नशामुक्त भारत-विकसित भारत’ के संकल्प से गूंज उठा।
इससे पूर्व युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा आइकन श्री विशाल त्रिवेदी, जिला युवा अधिकारी, मुरादाबाद श्री सचिन कुमार, टीएमयू के डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह, टीएमयू मेडिकल कॉलेज एंड रिसर्च सेंटर के प्राचार्य प्रो. एनके सिंह, प्रो. साधना सिंह, डॉ. उपेंद्र मलिक आदि ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी अतिथियों को पटका पहनाकर सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि ‘नशामुक्त युवा-विकसित भारत’ अभियान देशभर के 150 नामित महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में आयोजित किया जा रहा है, जिनमें उत्तर प्रदेश की 38 शीर्ष शिक्षण संस्थाओं में तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी भी शामिल है।
युवा आइकन श्री विशाल त्रिवेदी ने ‘विकसित भारत@2047-नशामुक्त युवा’ विषय पर बोलते हुए कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ और जागरूक युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने स्टुडेंट्स को सामाजिक नेतृत्व, स्वयंसेवा और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। श्री त्रिवेदी ने कहा कि भारत को विश्वगुरु बनाने की यात्रा का सबसे मजबूत स्तंभ उसका युवा है।
मुरादाबाद के जिला युवा अधिकारी श्री सचिन कुमार ने माय भारत की अवधारणा एवं युवा सहभागिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज का युवा केवल रोजगार का आकांक्षी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सक्रिय सहभागी है। उन्होंने भारत सरकार की युवा सहभागिता योजनाओं, स्वयंसेवा और सामाजिक अभियानों से जुड़ने का आह्वान किया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य एवं हार्टफुलनेस प्रशिक्षक प्रो. एनके सिंह ने नशे के मानसिक, शारीरिक और सामाजिक दुष्प्रभावों पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया। डीन स्टुडेंट्स वेलफेयर प्रो. एमपी सिंह ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी टीएमयू की प्राथमिकताओं में सदैव शामिल रहे हैं। टीएमयू केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, युवा नेतृत्व और सामाजिक परिवर्तन के अभियानों में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
टीएमयू की एमडीएस की छात्रा एवं नशामुक्त भारत अभियान की ब्रांड एंबेसडर मेघना चौधरी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में एनएसएस के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. रवि प्रकाश सिंह, डॉ. हरीश शर्मा, डॉ. अविनाश राज, श्री दीपक मलिक के साथ विभिन्न कॉलेजों के एनएसएस समन्वयक, स्वयंसेवक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। संचालन डॉ. माधव शर्मा ने किया। समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

अन्य समाचार