मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर पीडीए समाज के शोषण, अपराध, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को लेकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और वंचित समाज के लोग इसका सबसे अधिक शिकार हो रहे हैं।
प्रतापगढ़ में सौरभ विश्वकर्मा की हत्या, बदायूं में डॉक्टर से मारपीट और गोरखपुर में बिजली ठेकेदार की हत्या की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में महंगाई और भ्रष्टाचार से जनता परेशान है। थाना और कचहरी भ्रष्टाचार के अड्डे बन गए हैं। धर्म और जाति देखकर फैसले किए जा रहे हैं। महिलाओं के खिलाफ अपराध, जमीनों पर कब्जे और पुलिस हिरासत में मौत की घटनाएं भी चिंता का विषय हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि नौकरियों में पीडीए के आरक्षण की सीटों में घोटाला हुआ है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने से छात्र और नौजवान प्रभावित हैं। स्कूल बंद किए जाने और जौहर अली विश्वविद्यालय के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा।
अखिलेश यादव ने कहा कि आदिवासियों की जमीन और जंगलों को लूटा जा रहा है। विंध्य एक्सप्रेसवे निर्माण के नाम पर पेड़ों की कटाई से जनता भाजपा सरकार से ऊब चुकी है। संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने की लड़ाई में छात्र-नौजवान आगे आ रहे हैं। सपा सरकार बनने पर जनता के साथ न्याय होगा और प्रदेश खुशहाल बनेगा।
यादव ने महाराष्ट्र के नांदेड में शिरोमणि अकाली दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल पर हुए जानलेवा हमले को गंभीर मामला बताया। उन्होंने कहा कि यह महाराष्ट्र की भाजपा सरकार की सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक है। अखिलेश यादव ने घायल सुखबीर सिंह बादल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने हमले में घायल सुरक्षाकर्मी को बेहतर से बेहतर इलाज और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
