मुख्यपृष्ठसमाचारमार्फीन तस्करों को पुलिस ने मारी गोली, पांच दबोचे गए

मार्फीन तस्करों को पुलिस ने मारी गोली, पांच दबोचे गए

-पांच करोड़ की मार्फीन बरामद

सामना संवाददाता / सुल्तानपुर

अंबेडकरनगर और आजमगढ़ जिलों की सरहद पर अखंडनगर थानांतर्गत सहजनपुर अंडरपास के पास सुल्तानपुर पुलिस से मुठभेड़ में मादक पदार्थ मार्फीन के पांच तस्कर शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिए गए। पुलिस घेराबंदी के दौरान तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो तस्कर घायल हो गए। पुलिस ने मौके से पांचों को गिरफ्तार कर करीब 1.8 किलोग्राम अवैध मार्फीन, दो तमंचे, कारतूस और बलेनो व वरना कार बरामद की हैं। बरामद मार्फीन की बाजार कीमत करीब पांच करोड़ रुपये बताई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि मादक पदार्थ की तस्करी करने वाला गिरोह डिलीवरी के लिए दो कारों से निकल रहा है। सूचना पर सहजनपुर अंडरपास के पास पुलिस ने घेराबंदी कर दी। बलेनो और वरना कार को रोकने का प्रयास किया गया तो सवारों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में खुर्शीद आलम निवासी जैतपुर, बलरामपुर और प्रशांत सिंह निवासी बल्दीराय, सुल्तानपुर गोली लगने से घायल हो गए।
मौके से इनके साथी रोहित तिवारी, अंकुर प्रजापति और रामबाबू को भी दबोच लिया गया। तलाशी में दोनों कारों से मादक पदार्थ मार्फीन बरामद हुआ। सीओ ने बताया कि गिरोह ओडिशा से मादक पदार्थ लाकर उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आपूर्ति करता था।
घायल आरोपियों को अखंडनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया है। सीओ कादीपुर विनय कुमार गौतम ने बताया कि गिरोह के नेटवर्क और मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

अन्य समाचार