मुख्यपृष्ठनए समाचारसीयूएसबी के एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने डेल्हा स्थित सेंटर डायरेक्ट एनजीओ का किया...

सीयूएसबी के एमएसडब्ल्यू विद्यार्थियों ने डेल्हा स्थित सेंटर डायरेक्ट एनजीओ का किया भ्रमण

 अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के गया जिला अंतर्गत पंचानपुर में स्थित दक्षिण बिहार केन्द्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) के समाजशास्त्रीय अध्ययन विभाग द्वारा मास्टर ऑफ सोशल वर्क (एमएसडब्ल्यू) प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए गयाजी शहर के डेल्हा स्थित सेंटर डायरेक्ट, गैर-सरकारी संगठन (एनजीओ) का भ्रमण किया। प्रो. एम. विजय कुमार शर्मा, पूर्व विभागाध्यक्ष, एवं डॉ. हरेश नारायण पांडेय, एसोसिएट प्रोफेसर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को सेंटर डायरेक्ट के कार्यों एवं उसकी कार्यप्रणाली को समझने का समृद्ध अनुभव प्राप्त हुआ। सेंटर डायरेक्ट के प्रोग्राम मैनेजर श्री दीना नाथ मौर्य ने विद्यार्थियों को एनजीओ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि संगठन बिहार के सभी 24 जिलों में व्यापक रूप से कार्य कर रहा है। वर्तमान में संगठन के दो प्रमुख कार्यक्षेत्र हैं बाल संरक्षण और बालिकाओं की शिक्षा है| उन्होंने बताया कि संगठन मुख्य रूप से 6 से 14 वर्ष और उससे अधिक आयु के बच्चों, विशेषकर बालिकाओं पर ध्यान केंद्रित करता है, जो पारिवारिक अथवा माता-पिता से संबंधित विभिन्न कारणों से स्कूल छोड़ देती हैं। सेंटर डायरेक्ट ऐसी बालिकाओं का पुनः विद्यालय में नामांकन कराने में सहायता करता है। संगठन द्वारा बिहार में लगभग 18,000 स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं की पहचान की गई है। इनमें से लगभग 8,000 बालिकाओं का सफलतापूर्वक विद्यालय में नामांकन कराया जा चुका है तथा आगामी वर्ष में 10,000 और बालिकाओं का पुनः विद्यालय में नामांकन कराने का लक्ष्य रखा गया है। फील्ड वर्कर मुख्य रूप से बाल विवाह, शारीरिक शोषण, मानव तस्करी और बाल श्रम जैसी समस्याओं से प्रभावित एवं संवेदनशील परिस्थितियों में रहने वाले बच्चों के साथ कार्य करते हैं। विद्यार्थियों को कार्यालय में ‘कवच’ कार्यक्रम, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो) 2012 तथा किशोर न्याय अधिनियम 2015 के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही उन्होंने बाल कल्याण समितियों के साथ समन्वय करने तथा बच्चों के लिए कार्यरत आपातकालीन चाइल्डलाइन नंबर 1098 के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। सेंटर डायरेक्ट के डॉ. दिनेश कुमार शर्मा ने भी बिहार में बच्चों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कार्यरत विभिन्न सरकारी तंत्रों एवं संस्थाओं के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया, किशोर न्याय बोर्ड के कार्यों तथा बाल समस्याओं के समाधान के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम के अंत में सीयूएसबी की टीम ने सेंटर डायरेक्ट एवं उसके कार्यालय के पदाधिकारियों को विद्यार्थियों को बेहतर सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

अन्य समाचार